नौतनवा में आवारा कुत्तों का आतंक, नगर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी से लोगों में आक्रोश
नौतनवा के न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सड़कों पर आवारा कुत्तों का आतंक है, जिससे आमजन में दहशत है। अस्पताल ...और पढ़ें
-1768213731355_m.webp)
जागरण संवाददाता, नौतनवा। न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौतनवा व कस्बे की सड़कों पर घूम रहे आवारा कुत्तों के झुंड से आमजन में दहशत का माहौल है। सबसे चिंताजनक स्थिति अस्पताल परिसर की है, जहां इलाज के लिए आने वाले रोगी, गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चों को हर समय खतरे का सामना करना पड़ रहा है।
कुत्तों के झुंड कभी भी रोगियों के पीछे दौड़ पड़ते हैं, जिससे कई बार लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंख मूंदे बैठे हैं। स्थानीय संजय वर्मा, संदीप, अभिषेक वर्मा, अनिल, धर्मेंद्र सुबह और शाम के समय कुत्तों का झुंड सबसे ज्यादा सक्रिय रहता है। न्यू पीएचसी के मुख्य गेट, इमरजेंसी कक्ष के आसपास और परिसर में दर्जनों कुत्ते बैठे रहते हैं। रोगियों के तीमारदारों को लाठी-डंडा लेकर अस्पताल आना पड़ता है। कई बार डर के कारण लोग इलाज कराने से भी हिचकते हैं।
परेशानी से कई बार कराया अवगत
नगर पालिका और स्वास्थ्य विभाग को कई बार अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। नौतनवा कस्बे के विभिन्न मोहल्लों में भी आवारा कुत्तों के हमलों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बीते दिनों कस्बे में सुबह टहलने निकले एक बुजुर्ग और स्कूल जा रहे एक बच्चे को कुत्तों ने दौड़ाकर काट लिया, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इसी तरह सोनौली कस्बे और सीमा क्षेत्र में भी कुत्तों के झुंड के हमले की घटनाएं बढ़ी हैं।
सोनौली में हाल ही में दुकानदार और एक राहगीर को कुत्तों ने काटकर घायल कर दिया था। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि नगर पालिका और प्रशासन तत्काल आवारा कुत्तों की धरपकड़, नसबंदी और सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की कार्रवाई करे, ताकि अस्पताल और कस्बे के लोगों को इस भय से निजात मिल सके। अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज ने बताया कि शीघ्र ही अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ा जाएगा।
