ठेकेदार की चाकू मार कर हत्या
महराजगंज : कोठीभार थाना अंतर्गत ग्राम खेसरारी प्रतापपुर निवासी व ठेकेदार 30 वर्षीय अशोक साहनी की सि
महराजगंज : कोठीभार थाना अंतर्गत ग्राम खेसरारी प्रतापपुर निवासी व ठेकेदार 30 वर्षीय अशोक साहनी की सिसवा बाजार नगर पंचायत के जायसवाल नगर वार्ड में सोमवार की शाम सात बजे चाकू मार कर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद भाग रहे बदमाश को नागरिकों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
परिजनों ने बताया कि अशोक साहनी शटरिग का ठेका लेता था। इसी क्रम में अशोक ने कुशीनगर जनपद के नेबुआ नौरंगिया थाना अंतर्गत ग्राम बरवा रायपुर निवासी बसंत को शटरिग के कार्य के लिए रखा था। शटरिग कार्य में गड़बड़ी की शिकायत ठेका देने वाले ने अशोक साहनी से की तो अशोक ने बसंत को डाटा और ठीक से कार्य करने को कहा। इससे बसंत नाराज हो गया और फिर दोनों में विवाद हुआ। विवाद के दौरान बसंत ने अशोक को खत्म कराने की धमकी दे डाली। जान से मारने की धमकी मिलने के बाद अशोक साहनी सतर्क हो गया और अपने चचेरे भाई शैलेष व बहनोई मोती के साथ आने-जाने लगा। आज शाम को अशोक अपने भाई व बहनोई के साथ बाइक से जायसवाल नगर वार्ड में पहुंचा तो पहले से घात लगा कर बैठे बसंत ने अशोक पर हमला कर दिया और पेट व सीने में ताबड़तोड़ चाकू मारने के बाद भाग निकला। आसपास के लोगों ने ठेकेदार अशोक को सिसवा अस्पताल ले गए जहां डाक्टर ने अशोक को मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल के निरीक्षण के बाद सीओ निचलौल रणविजय सिंह व कोठीभार के प्रभारी निरीक्षक सर्वेश कुमार सिंह ने कहा कि हत्यारोपित बसंत को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।