विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महराजगंज में युवती की संदिग्ध मौत, हत्या की सूचना पर पुलिस ने रोका दाह संस्कार

Published: Sun, 10 May 2026 01:16 PM (IST)

महराजगंज में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। स्वजन दाह संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु।

  2. हत्या की सूचना पर पुलिस ने रोका दाह संस्कार।

  3. पुलिस कर रही है सभी पहलुओं की गहन जांच।

जागरण संवाददाता, महराजगंज। एक युवती की शनिवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। स्वजन शव का दाह संस्कार करने की तैयारी में जुटे थे। इसी बीच हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। लेकिन शव पर किसी प्रकार का निशान पुलिस को नहीं मिला। जिस मोबाइल से पुलिस के पास फोन गया था, वह बंद है।

युवती के मानसिक रूप से बीमार होने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। चौक थाना क्षेत्र के केवलापुर निवासी स्वर्गीय निरंजन सिंह के नाम से बरवाविद्यापति स्थित कांशीराम आवास में मकान आवंटित है। यहां युवती शोभा अपनी मां और भाई अर्जुन के साथ रहती थी। शनिवार की सुबह शोभा की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मृत्यु हो गई। स्वजन शव को घर के बाहर बरामदे में रखकर अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे।

इसी बीच पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर युवती की हत्या किए जाने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घरवालों से पूछताछ की और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें- महराजगंज बस डिपो स्थानांतरण से निचलौल की रफ्तार थमी, कारोबार से लेकर यात्रियों तक बढ़ीं मुश्किलें

भाई अर्जुन ने बताया कि बहन काफी समय से मानसिक बीमारी से पीड़ित थी और उसका इलाज भी चल रहा था। उसकी शादी भी नहीं हुई थी। वहीं पुलिस को जिस मोबाइल नंबर से हत्या की सूचना दी गई थी, वह बाद में बंद मिला।

इससे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक निर्भय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया बीमारी के कारण युवती की मृत्यु होना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मोबाइल नंबर की जांच कर सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है।