दुष्कर्म के झूठे आरोप की धमकी देकर महिला ने वसूले 40 हजार, महराजगंज में केस दर्ज
एक महिला पर दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 40 हजार रुपये वसूलने का आरोप लगा है। ...और पढ़ें

HighLights
महिला पर दुष्कर्म की धमकी देकर 40 हजार वसूलने का आरोप।
पीड़ित सत्यदेव चौहान की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया।
महराजगंज पुलिस ने जबरन वसूली मामले में जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के पड़री उर्फ मीरगंज निवासी सत्यदेव चौहान की तहरीर पर पुलिस ने एक महिला के विरुद्ध जबरन वसूली का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित सत्यदेव चौहान ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसके बड़े भाई सूरज चौहान ने वर्ष 2023 में घुघली थाना क्षेत्र की एक युवती से प्रेम विवाह किया था। कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद होने लगा और युवती अपने मायके में रहने लगी।
आरोप है कि इसके बाद युवती ने उसके भाई सूरज चौहान और रिश्तेदार अनिल चौहान के विरुद्ध बहन की नाबालिग बेटी से दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया, जिसमें दोनों करीब डेढ़ वर्ष तक जेल में रहे।
वर्ष 2025 में भी उसके खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत की गई थी, लेकिन पुलिस जांच में उसे निर्दोष पाया गया। सत्यदेव का आरोप है कि आठ मई 2026 को जानकी ने उसके और उसके बहनोई रामकेवल चौहान के विरुद्ध फिर दुष्कर्म की शिकायत दी। जानकारी मिलने पर जब उसने उससे बात की तो उसने जेल भेजने की धमकी देकर 40 हजार रुपये ले लिए और आगे कार्रवाई न करने की बात कही।
अब दोबारा दोनों लोगों से एक-एक लाख रुपये की मांग की जा रही है। पीड़ित ने खुद को आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
सीओ सदर अंकुर गौतम ने बताया कि आरोपिता जानकी के विरुद्ध जबरन वसूली के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
