महराजगंज में पत्नी ने बुजुर्ग पति को डीजल डालकर लगाई आग, कमरा बंद कर हुई फरार
महराजगंज के श्यामदेउरवा में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ 65 वर्षीय सुमित्रा ने अपने 70 वर्षीय पति रामपत को डीजल डालकर जला दिया।

घटना के बाद रामपत के घर पसरा सन्नाटा। जागरण
HighLights
पत्नी ने 70 वर्षीय पति को डीजल डालकर जलाया।
कमरे में ताला लगाकर आरोपित पत्नी मौके से फरार।
पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर पत्नी को पकड़ा।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। पति-पत्नी के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। 65 वर्षीय पत्नी सुमित्रा ने अपने 70 वर्षीय पति रामपत को डीजल डालकर जला दिया। इसके बाद बाहर से कमरे में ताला बंद कर फरार हो गई।
घटना की जानकारी सुबह होने पर अफरा-तफरी मच गई। चौकीदार की तहरीर पर पुलिस ने आराेपित वृद्धा के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपित पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है।
श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बासपार कोठी टोला पिपरा गांव निवासी सुमित्रा 10 वर्ष पूर्व मुंबई में रहकर रोजगार करती थी। वहीं पर उसकी मुलाकात मुंबई के रामपत से हुई। नजदीकियां बढ़ने के बाद सुमित्रा उसे लेकर अपने गांव पिपरा में आ गई। यहां दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे।
हाल के वर्षों में दोनों में अनबन शुरू हो गई। इसके बाद से वह एक ही कमरे में अलग-अलग भोजन बनाने लगे। सोमवार की रात किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि वृद्धा ने चारपाई पर लेटे बुजुर्ग पर डीजल डालकर आग लगा दी।
जैसे ही बुजुर्ग उठकर भागने की कोशिश किया तो, वृद्धा बाहर से कमरे में ताला बंद कर फरार हो गई। रात होने के कारण किसी को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। मंगलवार की सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला और कमरे से गंध आने पर ग्रामीणों को शक हुआ।
यह भी पढ़ें- महराजगंज में होली पर 24 घंटे मुस्तैद रहेंगे डॉक्टर, स्किन और आंखों की सुरक्षा के लिए करें ये उपाय
ग्रामीणों ने झरोखे से देखा तो रामपत का जला शव फर्श पर पड़ा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई। श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि चौकीदार हबीब की तहरीर पर आरोपित महिला के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
दो वर्ष पूर्व पति पर किया था चाकू से हमला, हुई थी जेल
करीब दो वर्ष पहले भी सुमित्रा और रामपत के बीच विवाद हिंसक रूप ले चुका था। आरोप है कि उस समय सुमित्रा ने रामपत पर चाकू से हमला कर दिया था, जिसमें वह घायल हो गए थे। मामले की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुमित्रा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि बाद में मामला शांत हो गया और दोनों फिर साथ रहने लगे थे, लेकिन खाना अलग-अलग बनाते थे।
ग्रामीणों के अनुसार दंपती के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पुराने घटनाक्रम को देखते हुए मौजूदा वारदात ने पूरे गांव को झकझोर दिया है और लोग इसे लंबे समय से चल रहे घरेलू कलह का परिणाम मान रहे हैं।
