महाराजगंज में बेकाबू ट्रेलर ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, व्यापारी समेत दो की मौत
महाराजगंज में घुघली-कप्तानगंज मार्ग पर जखिरा चौराहे के पास एक अनियंत्रित ट्रेलर ने खड़ी ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। इस ...और पढ़ें

HighLights
अनियंत्रित ट्रेलर ने जखिरा चौराहे पर ई-रिक्शा को टक्कर मारी।
किराना व्यवसायी लालमोहन और ई-रिक्शा चालक सुरेश की मृत्यु।
एक किशोर गंभीर रूप से घायल, पुलिस जांच में जुटी।
संवाद सूत्र, खुशहालनगर/ घुघली। अनियंत्रित ट्रेलर ने शनिवार की रात घुघली-कप्तानगंज मार्ग पर जखिरा चौराहे पर खड़ी ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में किराना व्यवसायी व ई-रिक्शा चालक की मृत्यु हो गई। जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती करा शव को कब्जे में लेकर पुलिस जांच में जुटी है।
घुघली थाना क्षेत्र के मठिया गांव निवासी फुटकर व्यवसायी लालमोहन दुकान के सामान की खरीदारी के लिए ई-रिक्शा तय कर गांव के किशोर मजनू को साथ लेकर जखिरा चौराहे गए थे। रात साढ़े सात बजे सामान खरीदने के बाद उसे ई-रिक्शा पर लादा जा रहा था। बसंतपुर निवासी ई-रिक्शा चालक सुरेश भी सामान रखने में मदद कर रहे थे।
इसी दौरान घुघली की ओर से एक ट्रेलर कप्तानगंज की तरफ जा रहा था। जखिरा चौराहे के पास वह अचानक अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा में चला गया, जिससे सड़क किनारे थोक व्यापारी की दुकान के सामने खड़ा ई-रिक्शा उसकी चपेट में आ गया। हादसे में सुरेश ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गए।
आस-पास मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। घटना में लालमोहन और मौके पर मौजूद किशोर मजनू भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने लालमोहन को मृत्यु घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेलर और चालक बृजेश कुमार त्रिपाठी, निवासी टीकर परसौनी को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
