विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महराजगंज में सड़क हादसा: ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत

Published: Mon, 05 Oct 2026 08:00 PM (IST)

महराजगंज में फरेंदा-बृजमनगंज मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दो बाइक सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत।

ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत।

HighLights

  1. महराजगंज में ट्रक की चपेट में आने से दो युवकों की मौत।

  2. फरेंदा-बृजमनगंज मार्ग पर विजय सलहिया गांव के पास हादसा हुआ।

  3. पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी, फुटेज खंगाल रही।

संवाद सूत्र, बृजमनगंज (महराजगंज)। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मृत्यु हो गई। घटना फरेंदा-बृजमनगंज मार्ग पर सोमवार की दोपहर करीब सवा बारह बजे विजय सलहिया गांव के पास हुई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

बृजमनगंज थाना क्षेत्र के कवलपुर के टोला अहमदनगर निवासी 19 वर्षीय जिगरशाह और कवलपुर के टोला बनकटवा निवासी 22 वर्षीय आजाद चौहान दोनाें एक साथ सोमवार की दोपहर बाइक से फरेंदा की तरफ से बृजमनगंज की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान विजय सलहिया गांव के पास पहुंचने पर सामने की दिशा से आ रहे ट्रक से बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई।

हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरेंदा की ओर फरार हो गया। सूचना पर थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के संबंध में आस-पास के लोगों से जानकारी ली।

थानाध्यक्ष ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिससे ट्रक की पहचान कर चालक तक पहुंचा जा सके। पुलिस दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।