विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लाश दफनाने की सूचना पर हुई खोदाई, मिल गई चोरी की बाइक 

Published: Wed, 21 Jan 2026 05:44 PM (IST)

सिंदुरिया पुलिस को नहर में शव दफनाने की सूचना मिली, जिस पर तहसीलदार की मौजूदगी में खुदाई की गई। खुदाई ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. शव दफनाने की सूचना पर नहर में खुदाई की गई।

  2. खुदाई में चार दिन पहले चोरी हुई बाइक मिली।

  3. पुलिस अब चोरी की बाइक के आरोपी को खोज रही है।

संवाद सूत्र, सिंदुरिया (महाराजगंज)। नहर में लाश दफन किए जाने की सूचना पर बुधवार को सिंदुरिया थाने की पुलिस हलकान हो गई। आनन-फानन में मजिस्ट्रेट के तौर पर पहुंचे तहसीलदार अमित सिंह की उपस्थिति में खोदाई हुई तो अलग ही मामला सामने आ गया। खोदाई में चार दिन पूर्व सिंदुरिया बाजार से चोरी हुई वह बाइक मिल गई जिसकी पुलिस खोजबीन में लगी हुई थी। बाइक बरामद होने के बाद अब पुलिस आरोपित की तलाश में जुट गई है।

बुधवार की दोपहर में चिउटहां गांव की कुछ महिलाएं नहर की तरफ गई थी, उन्होंने नहर में दो जगह मिट्टी ऊंची देखी तो उन्हें किसी चीज के दफन किए जाने की आशंका हुई। इसी दौरान कुछ लोगों ने नहर में लाश दफन किए जाने का अफवाह उड़ाते हुए पुलिस को सूचना दे दी।

सूचना पर मौके पर पहुंची चिउटहां चौकी प्रभारी सारिका सिंह ने नियमों का पालन करते हुए उच्चाधिकारियों को सूचना दी एवं नहर के संबंधित स्थल की खोदाई के लिए बुलडोजर मंगाया गया। नियमों को देखते हुए वहां पर मजिस्ट्रेट के रूप में निचलौल के तहसीलदार अमित सिंह भी पहुंंचे और खोदाई शुरू कर दी गई । खोदाई के दौरान गड्ढे से बाइक बरामद होने के बाद सभी के चेहरे का रंग बदल गया।

गाड़ी नंबर से बाइक की खोजबीन शुरू हुई तो पता चला कि यह बाइक चोरी की है, जो शनिवार को सिंदुरिया चौराहे से चोरी हुई थी। निचलौल के तहसीलदार अमित सिंह ने बताया कि खोदाई में चोरी की बाइक बरामद हुई है। सिंदुरिया थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि संबंधित बाइक की पुलिस जांच कर रही थी, जो इस नाटकीय ढंग से बरामद हो गया है।