महराजगंज में पंकज चौधरी पर टिप्पणी से गरमाई सियासत, नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूंका अखिलेश यादव का पुतला
सपा द्वारा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी पर की गई व्यक्तिगत टिप्पणी से महराजगंज में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। ...और पढ़ें

लक्ष्मीपुर बाजार में पुतला फूंकते भाजपाई। जागरण
HighLights
सपा की पंकज चौधरी पर टिप्पणी से भाजपा नाराज।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव का पुतला फूंका।
व्यक्तिगत टिप्पणी को राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताया।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी पर इंटरनेट मीडिया पर की गई व्यक्तिगत टिप्पणी को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। समाजवादी पार्टी के इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर की गई टिप्पणी पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कड़ी आपत्ति जताई है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि व्यक्तिगत टिप्पणी राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है और इससे कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं। भाजपा नेताओं ने टिप्पणी की निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं मामले को लेकर जिले में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता डाक्टर शांति शरण मिश्र ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव अपनी हताशा और बौखलाहट में अब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पर व्यक्तिगत टिप्पणी कर रहे हैं। यह बयान ओछी मानसिकता का परिचायक है। सपा मुखिया से आग्रह है कि सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएं और मुद्दों पर बहस करें, न कि ओछी बयानबाजी करें।
हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व जिलाध्यक्ष नरसिंह पांडेय ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पंकज चौधरी सबका सम्मान करना जानते हैं। उनकी सोच सकारात्मक है और वे सभी को समान भाव से देखते हैं। यही कारण है कि महराजगंज की जनता हमेशा उनके साथ खड़ी रही है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में पंचायतों ने विकास योजना से झाड़ा 'पल्ला', गांवों की रफ्तार पर ब्रेक
भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूंका पुतला, आक्रोश
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी पर टिप्पणी से नाराज भाजपाइयों ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का पुतला शुक्रवार को लक्ष्मीपुर बाजार में फूंका। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री के विरुद्ध जमकर नारेबाजी भी की। भाजपा नेता अशोक कुमार जायसवाल के नेतृत्व में सायं को तमाम भाजपा कार्यकर्ताओं ने लक्ष्मीपुर रेलवे स्टेशन के निकट पूर्व मुख्यमंत्री का पुतला जलाया।
भाजपा नेता अशोक कुमार जायसवाल का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर अमर्यादित टिप्पणी किया है। वह सार्वजनिक तौर पर माफ़ी मांगे। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता दिलीप चौधरी, प्रदीप जायसवाल, ओमप्रकाश चौरसिया, हरिशंकर चौहान, रामनिवास वर्मा, डा. विनय, किशन जायसवाल, मटेकू मौजूद रहे।
