महाराजगंज में 8 साल की बच्ची से दुष्कर्म, आरोपी फरार; जांच में जुटी पुलिस
महाराजगंज के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र में एक आठ वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है, जिसमें 60 वर्षीय ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
आठ वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी फरार।
बच्ची को अचेत अवस्था में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर।
पुलिस मामले की जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी।
संवाद सूत्र (लक्ष्मीपुर) महराजगंज। घर जा रही आठ वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव का ही 60 वर्षीय बुजुर्ग बच्ची को रास्ते से अपने कमरे में खींच ले गया और उसके साथ गलत काम किया। विरोध करने तथा शोर मचाने पर आरोपित ने बच्ची का गला दबा दिया, जिससे वह अचेत हो गई। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। घटना पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की है। हालांकि पुलिस अभी दुष्कर्म की पुष्टि नहीं कर रही है।
बताया जा रहा है कि किसी अन्य पड़ोसी के घर से बच्ची रात करीब नौ बजे अपने घर जा रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले बुजुर्ग ने उसे पकड़ लिया और जबरन अपने कमरे में ले गया। कुछ देर बाद बच्ची के शोर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों के पहुंचने से पहले ही आरोपित वहां से निकल गया। बच्ची को अचेत अवस्था में देखकर स्वजन उसे तत्काल लक्ष्मीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
सीएचसी पर चिकित्सकों ने बच्ची का प्राथमिक उपचार किया। हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए गोरखपुर मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर सीओ फरेंदा दीपशिखा वर्मा और पुरंदरपुर थानाध्यक्ष गौरव राय कन्नौजिया मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने बच्ची के स्वजन से घटना की जानकारी ली और घटनास्थल का भी निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बच्ची के होश में आने तथा चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।
