विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महराजगंज में करवा चौथ पर बादलों में छिपा चांद, फिर भी सुहागिनों ने पूरी की पति की दीर्घायु की कामना

Published: Thu, 29 Oct 2026 10:48 PM (IST)

महराजगंज में सुहागिनों ने पति की दीर्घायु के लिए निर्जला करवा चौथ का व्रत रखा। अर्नव चक्रवात के कारण चंद्रमा ...और पढ़ें

महिलाओं ने पूर्व दिशा की ओर मुंह करके 7:57 बजे से चंद्रदेव को अर्घ्य दिया

महिलाओं ने पूर्व दिशा की ओर मुंह करके 7:57 बजे से चंद्रदेव को अर्घ्य दिया

HighLights

  1. सुहागिनों ने पति की दीर्घायु के लिए निर्जला करवा चौथ व्रत रखा।

  2. बादलों के कारण चंद्रमा न दिखने पर वैकल्पिक विधि से पूजा की।

  3. महराजगंज जेल में भी छह महिलाओं ने करवा चौथ का व्रत रखा।

जागरण संवाददाता, महराजगंज। पति की दीर्घायु की कामना के साथ सुहागिनों ने गुरुवार को करवा चौथ का निर्जला व्रत रखा। सोलह शृंगार कर महिलाओं ने विधि-विधान से पूजन किया और चंद्रमा के निकलने की प्रतीक्षा की। अर्नव चक्रवात के प्रभाव से मौसम खराब रहने और आसमान में बादल छाए होने के कारण जिले के कई स्थानों पर चंद्रमा के प्रत्यक्ष दर्शन नहीं हो सके। महिलाओं ने पूर्व दिशा की ओर मुंह करके 7:57 बजे से चंद्रदेव को अर्घ्य दिया और वैकल्पिक विधियों से पूजन कर व्रत का पारण किया।

नगर से ग्रामीण क्षेत्रों तक पर्व को लेकर उत्साह रहा। महिलाओं ने सुबह से निर्जला व्रत रखा, दिनभर घरों में पकवान बनाए और शाम को नए वस्त्र पहनकर सोलह शृंगार किया। उन्होंने भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की। कई जगह करवा चौथ की कथा सुनाई गई और मंदिरों में भी पूजन हुआ। चंद्रमा बादलों में छिपा रहने पर कुछ महिलाओं ने थाली में चंद्रमा की आकृति बनाकर पूजा की और चलनी से पति का चेहरा देखकर अर्घ्य दिया। इसके बाद पतियों के हाथ से जल ग्रहण कर व्रत पूरा किया।

आर्यावर्त अंक ज्योतिष केंद्र के संस्थापक ज्योतिर्विद आचार्य लोकनाथ तिवारी ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, चंद्रमा के प्रत्यक्ष दर्शन नहीं होने पर वैकल्पिक विधि से पूजा की जा सकती है। पूजा की थाली या लाल कपड़े पर चावल फैलाकर रोली और अक्षत से चंद्रमा की आकृति बनाई जाती है। इसे चंद्रमा का प्रतीक मानकर अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जा सकता है।

महिलाओं ने मंदिरों में की पूजा-अर्चना
महराजगंज में महिलाओं ने फल, फूल और पूजन सामग्री के साथ मंदिरों में पहुंचकर देवी-देवताओं की पूजा की और पति की दीर्घायु तथा परिवार के सुख की कामना की। नगर के मुख्य दुर्गा मंदिर, मऊपाकड़ दुर्गा मंदिर, कोतवाली के पास स्थित दुर्गा माता मंदिर, सिंचाई विभाग कालोनी, अमरूतियां और शिवनगर वार्ड के शिव मंदिर में भीड़ रही। जिले के अन्य नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में भी महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ पहुंचीं।

खूब ली गईं सेल्फी
महराजगंज : पत्नी के व्रत के अवसर पर पति भी समय से घर पहुंचे और त्योहार की खुशियों में शामिल हुए। उपवास तोड़ने से पहले और बाद के पलों को यादगार बनाने के लिए लोगों ने सेल्फी ली।

वीडियो कॉल से किया पति का दीदार
महराजगंज में दूसरे जिले अथवा विदेश में रह रहे पतियों से महिलाओं ने वीडियो काल के जरिये संपर्क किया और सुख-समृद्धि तथा उनकी लंबी आयु की कामना की।

जिला कारागार में छह महिलाओं ने रखा व्रत
महराजगंज जिला कारागार में छह महिलाओं ने पति की लंबी आयु की कामना के साथ करवा चौथ का व्रत रखा। जेल अधीक्षक बीके गौतम ने बताया कि महिलाएं अपने पतियों की फोटो देखकर व्रत का पारण करेंगी।