छात्रों को पढ़ाया गया यातायात नियमों का पाठ
गोष्ठी में हेड कांस्टेबल यातायात पुलिस अखिलेश यादव ने छात्रों को यातायात नियमों की जानकारी दी। छात्र छात्राओं को वैध लाइसेंस के बिना वाहन न चलाने व वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करने की शपथ दिलाई।
महराजगंज: पंडित दीन दयाल इंटर कालेज में सोमवार को परिवहन विभाग ने यातायात माह के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गोष्ठी का आयोजन किया गया।
गोष्ठी में हेड कांस्टेबल यातायात पुलिस अखिलेश यादव ने छात्रों को यातायात नियमों की जानकारी दी। छात्र छात्राओं को वैध लाइसेंस के बिना वाहन न चलाने व वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करने की शपथ दिलाई। छात्रों ने कहा कि इन नियमों से अपने स्वजन व अन्य लोगों को भी अवगत कराएंगे। हेड कांस्टेबल ने कहा कि प्रतिवर्ष मार्ग दुर्घटनाओं के कारण हमारे देश में असंख्य लोग असमय काल कवलित हो जाते हैं, या शारीरिक अपंगता का शिकार होते हैं। यातायात नियमों का पालन कर इन दुर्घटनाओं
से बचा जा सकता है व जानमाल की क्षति को रोका जा सकता है। संस्था के प्रधानाचार्य रामेंद्र चक्रवर्ती ने भी संबोधित किया। इस दौरान संस्था के आनंद प्रकाश राव दिनेश राव जितेंद्र वर्मा राधेश्याम रावत गिरजेश गिरी मनोज यादव सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
पनियरा में स्थित पनियरा इंटर कालेज पनियरा विद्यालय में आपकी सुरक्षा हमारा दायित्व कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए इंस्पेक्टर बरजोर सिंह ने कहा कि यातायात के नियमों का पालन आवश्यक है। दुर्घटना से बचें। उन्होंने कहा कि हम लोग ऐसे कार्यक्रमों के लिए विद्यालय को इस लिए चुनते हैं कि विद्यालय से ही सभी चीजों की नींव पड़ती है। कहा कि तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं,नशे की हालत से वाहन न चलाएं, वाहन हमेशा अपने बाएं से चलाएं, दो पहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाएं ,गाड़ी चलाते समय हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रबंधक आफाक आलम उर्फ सैफ खां ने कहा कि आज जो कुछ भी बताया गया है, उसका अपने जीवन में पालन करें। संचालन विद्यालय के शिक्षक इम्तियाज ने किया। राज रोशन,अरविद यादव, श्रीप्रकाश, वंदना गौड़ पुलिसकर्मियों के अलावा विद्यालय के शिक्षक अच्युता मिश्रा,राजेंद्र सिंह,सुनील गुप्ता देवीदीन प्रजापति,जीतबहादुर सिंह, शिवनरायन वर्मा, औसाफ आलम खां सोनू,एमपी सिंह,वीपी सिंह आदि मौजूद रहे ।