स्वतंत्रता दिवस आज, गूंजेगा जन-गण-मन
स्वतंत्रता दिवस आज गूंजेगा जन-गण-मन
स्वतंत्रता दिवस आज, गूंजेगा जन-गण-मन
महराजगंज: स्वतंत्रता दिवस आज है। इसे लेकर लोगों में उल्लास है। सरकारी कार्यालय और निजी संस्थान जहां बिजली की रंग बिरंगी रोशनी से जगमग हो रही है, वहीं हर तरफ तिरंगा सजा हुआ है। इस दौरान ध्वजारोहण के साथ विविध कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जिसे लेकर रविवार को भी लोग तैयारियों में जुटे रहे।
शहर से लेकर सरहद तक दुकानों पर तिरंगा सजाया गया। वही, सरकारी भवनों एवं परिसरों में सफाई के साथ ही झालर से सजाने में तेजी दिखी। कलेक्ट्रेट, विकास भवन, पुलिस कार्यालय, नगर पालिका, वन विभाग समेत अन्य प्रमुख कार्यालयों पर झालर लगाया गया। निचलौल मार्ग पर कालेज व बस स्टेशन परिसर के आसपास झंडे की दुकानें सजी नजर आईं। दुकानों पर तिरंगा टोपी, बैज, हेयर बैंड, झंडा सामग्रियों की खूब खरीदारी हुई। सुबह आठ बजे से सभी सरकारी कार्यालयों पर ध्वजारोहण किया जाएगा। जिला क्रीड़ा स्टेडियम में 9:30 बजे मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमे ध्वजारोहण के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। सभी विद्यालयों में फोटो प्रतियोगिता तथा पुलिस लाइन में कार्यक्रम का आयोजन होगा।
140 अमृत सरोवरों पर भी होगा ध्वजारोहण
जिले के 140 अमृत सरोवरों को भी आकर्षित ढंग से सजाया गया है। 15 अगस्त के अवसर पर इन सरोवरों पर भी ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके लिए ग्राम पंचायतों की तरफ से तैयारी पूरी कर ली गई है। यह जानकारी मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने दी।