करवाचौथ व्रत आज, जमकर हुई खरीदारी
पति-पत्नी के मजबूत रिश्ते प्यार और विश्वास के प्रतीक का पर्व करवाचौथ व्रत 17 अक्टूबर को मनाया जाएगा। इसे लेकर महिलाओं में उत्साह है बाजारों में रौनक बढ़ गई है।
महराजगंज : पति-पत्नी के मजबूत रिश्ते, प्यार और विश्वास के प्रतीक का पर्व करवाचौथ व्रत 17 अक्टूबर को मनाया जाएगा। इसे लेकर महिलाओं में उत्साह है, बाजारों में रौनक बढ़ गई है। महिलाओं ने जमकर सोलह श्रृंगार के सामान खरीदे और हाथों में मेंहदी रचाई। इस पर्व को संकष्टी श्रीगणेश चतुर्थी भी कहा जाता है। इसका सभी विवाहित स्त्रियां साल भर इंतजार करती हैं।
शहर से गांव तक बुधवार को सड़कों पर चहल-पहल रही। महिलाओं ने बाजारों में पूजा और श्रृंगार के सामान की खरीदारी की। नगर के सक्सेना चौक और कालेज रोड पर स्थित दुकानों में खरीदारी के लिए भीड़ लगी रही। महिलाएं पसंदीदा नये कपड़ों की खरीदारी की और हाथों में मेंहदी रचाने में महिलाएं मशगूल रहीं।
उत्थान ज्योतिष संस्थान के निदेशक ज्योतिर्विद पं दिवाकर त्रिपाठी पूर्वांचली ने बताया कि कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी जिस रात रहती है, उसी दिन करवा चौथ का व्रत किया जाता है। इस दिन महिलाएं सुबह सूर्योदय से पहले उठकर सर्गी खाती हैं। यह खाना आमतौर पर उनकी सास बनाती हैं। इसे खाने के बाद महिलाएं पूरे दिन भूखी-प्यासी रहती हैं। दिन में शिव,पार्वती और कार्तिक की पूजा की जाती है। शाम को देवी की पूजा होती है, चन्द्र दर्शन के बाद महिलाएं अर्घ्य देती हैं, जिसमें पति की लंबी उम्र की कामना की जाती है। चंद्रमा दिखने पर महिलाएं छलनी से पति और चंद्रमा की छवि देखती हैं। पति इसके बाद पत्नी को पानी पिलाकर व्रत तोड़वाता है।
----------------------