46 केंद्रों पर हुई 6495 क्विंटल गेहूं की खरीद
महराजगंज: शासन-प्रशासन के लाख प्रयास के बाद भी जिले में गेहूं खरीद की रफ्तार गति नहीं पकड़ पा रही है।
महराजगंज: शासन-प्रशासन के लाख प्रयास के बाद भी जिले में गेहूं खरीद की रफ्तार गति नहीं पकड़ पा रही है। अभी तक 46 केंद्र ही क्रियाशील हो पाई हैं और इन केंद्रों पर 6495 क्विंटल गेहूं की ही खरीद हो सकी।
जिले में 177 गेहूं क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 12.50 लाख क्विंटल गेहूं खरीदने का लक्ष्य निर्धारित है। शासन ने एक अप्रैल से खरीद करने का फरमान जारी किया था, लेकिन शुरुआत के दिनों में क्रय केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहा। अधिकारियों के काफी प्रयास के बाद अब खरीद शुरू हुई तो 46 केंद्रों पर 140 किसानों से 6495 क्विंटल गेहूं खरीदे जा सके। जबकि 131 केंद्रों पर सन्नाटा पसरा है और केंद्र प्रभारी किसानों के इंतजार में हैं। जिला खाद्य विपणन अधिकारी अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि गेहूं खरीद में तेजी लाने के उद्देश्य से किसानों को केंद्रों पर गेहूं बिक्री के लिए प्रेरित किया जा रहा है, साथ ही केंद्र प्रभारियों को भी निर्देश दिया गया है। किसानों को अगर कोई समस्या हो तो कंट्रोल नंबर 7839565010 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं, तत्काल उसका समाधान किया जाएगा। किसानों को उपज का वाजिब मूल्य दिलाने और गेहूं की खरीद की व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए सरकार ने किसानों के आनलाइन पंजीकरण को अनिवार्य किया है। बिना पंजीकरण के किसान अपने गेहूं को क्रय केंद्रों पर नहीं बेच सकेंगे। पिछले वर्ष 27500 किसानों ने अपना गेहूं बेचा था। जबकि कृषि विभाग में दर्ज करीब सवा दो लाख किसानों को उपनिदेशक कृषि कार्यालय द्वारा मोबाइल से एसएमएस भेजकर पंजीकरण कराने की सलाह दी गई है। लेकिन अभी तक 11659 किसानों ने ही पंजीकरण कराया है।