शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने मूल्यांकन का लिया जायजा
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ गोरखपुर मंडल के पदाधिकारियों ने रविवार को जिले के तीनों मूल्यांकन केंद्रों का निरीक्षण किया।
महराजगंज: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ गोरखपुर मंडल के पदाधिकारियों ने रविवार को जिले के तीनों मूल्यांकन केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मूल्यांकन केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्था की शिक्षकों से जानकारी प्राप्त की तथा कहा कि संगठन शिक्षक हितों को लेकर सदैव तत्पर है। मंडल अध्यक्ष ज्योतिष कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने इंटर के मूल्यांकन केंद्र गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कॉलेज तथा हाईस्कूल के मूल्यांकन केंद्र महराजगंज इंटर कॉलेज व सेठ आनंदराम जयपुरिया इंटर कॉलेज आनंद नगर पहुंच कर शिक्षकों से उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। पदाधिकारियों ने मूल्यांकन बंद आंदोलन में शिक्षकों द्वारा दिए गए सहयोग के प्रति आभार प्रकट किया। कहा कि पुरानी पेंशन की बहाली, वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय एवं राज्य कर्मियों की भांति निशुल्क चिकित्सा सुविधा दिए जाने सहित 9 सूत्रीय मांगों को लेकर भविष्य में व्यापक संघर्ष छेड़ा जाएगा। शिक्षक हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान अनिरुद्ध त्रिपाठी, मंडलीय मंत्री रणजीत सिंह, जिलाध्यक्ष विजयकान्त सिंह, जिला मंत्री सतीश चंद्र शुक्ल, विनोद कुमार राय, रामबरन दास, अजय कुमार,जितेंद्र पांडेय, राजेश जायसवाल, डा. नवीन कुमार श्रीवास्तव, डा. वीरेंद्र प्रसाद आदि मौजूद रहे।