पटाखा फैक्ट्री में लगी आग, विस्फोट से दहला कस्बा
स्थानीय उपनगर के हिदी वार्ड सिवान में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में शनिवार की सुबह अज्ञात कारणों से लगी आग से जोरदार विस्फोट हो गया जिससे पूरा कस्बा दहल गया। लोग घरों से बाहर निकल सड़कों पर आ गए।
महराजगंज: स्थानीय उपनगर के हिदी वार्ड सिवान में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में शनिवार की सुबह अज्ञात कारणों से लगी आग से जोरदार विस्फोट हो गया , जिससे पूरा कस्बा दहल गया। लोग घरों से बाहर निकल सड़कों पर आ गए। पटाखा फैक्ट्री मालिक मंजूर आलम ने बताया कि उसकी फैक्ट्री हिदी वार्ड स्थित उसके निजी खेत में है। जिसमें वह पटाखा बनाने व रखने के लिए उपयोग करता है। शुक्रवार की देर शाम गोदाम बंद कर घर चला गया। शनिवार की सुबह एक जोरदार धमाका की आवाज पर बाहर निकल जानकारी ली तो पता चला कि उसके पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से विस्फोट हुआ है। मौके पर पहुंचकर देखा तो गोदाम व फैक्ट्री पूरी तरह जमींदोज हो चुकी थी। गोदाम के सारे समान जलकर अगल बगल के खेतों में बिखरे थे। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को उसने कई आयोजनों के लिए मिले ऑर्डर पर दो हजार रोशनी, पांच बोरा पटाखा तैयार कराया था। इसके साथ ही गोदाम में करीब छह किलो सोरा, दो किलो गंधक रखे हुए थे। विस्फोट में गोदाम में रखे सभी सामान, चौकी जलकर राख हो गई। साथ ही गोदाम में लगाये गये तीन अग्निशमन सिलेंडर भी विस्फोट हो गया। हालांकि विस्फोट के समय गोदाम में कोई मौजूद नहीं था और गोदाम कस्बे के दूर था। इसलिए कोई हताहत नहीं हुआ। गोदाम में रखे पटाखे व सामान की कीमत लगभग 50 हजार रुपये बतायी जा रही है। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि अचानक एक बार विस्फोट के साथ तेज रोशनी हुई और फिर दो बार धमाका हुआ। पहले लोगों को बिजली गिरने की आशंका हुई, फिर लगातार दो बार विस्फोट से उन्हें फैक्ट्री में आग लगने की जानकारी हुई। घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार रवि सिंह व उपनिरीक्षक सतीश सिंह भी मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। नायब तहसीलदार रवि सिंह ने बताया कि घटना स्थल की जांच की गई, दुकान लाइसेंसी है, किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।