भारत व नेपाल के नागरिकों को नहीं मिल सका प्रवेश
सीमावर्ती जिलों नेपाल के रुपनदेही व भारत के महराजगंज के अधिकारियों के बीच वार्ता के बाद नेपाली नागरिकों को महराजगंज के नौतनवा स्थित इंटर कालेज में ठहराया गया है।
महराजगंज: सोनौली सीमा से नेपाल में प्रवेश देने की मांग को लेकर सोमवार से नो मेंस लैंड पर धरना दे रहे 310 नेपाली नागरिकों को आखिरकार अनुमति नहीं मिली। इसी तरह नेपाल से भारत में प्रवेश चाह रहे 126 भारतीय नागरिकों को भी रोक दिया गया। सीमावर्ती जिलों नेपाल के रुपनदेही व भारत के महराजगंज के अधिकारियों के बीच वार्ता के बाद नेपाली नागरिकों को महराजगंज के नौतनवा स्थित इंटर कालेज में ठहराया गया है। जबकि भारतीय नागरिकों को नेपाल के बेलहिया में रखा गया है। नेपाल में फैक्ट्रियां व दुकानें बंद होने के कारण नेपाल प्रशासन ने मंगलवार को दोपहर में विभिन्न वाहनों से लाकर भारतीय नागरिकों को सीमा पर छोड़ दिया था।
सीमा पर सोमवार को देर रात स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई थी, जब अपने वतन जाने के लिए सैकड़ों की संख्या में नेपाली नागरिक अड़ गए थे। इसके बाद नेपाल प्रहरी दल ने लाठीचार्ज कर दिया था। तनाव की सूचना मिलने पर महराजगंज के डीएम डा. उज्ज्वल कुमार व एसपी रोहित सिंह सजवान भी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने रुपनदेही के अपने समकक्ष अधिकारियों से बात की। रुपनदेही के एसपी हेम कुमार थापा ने कहा कि सरकार को सूचना दी गई है। महराजगंज के डीएम का कहना है कि सीमा सील होने के चलते दोनों देशों के बीच आवागमन पर प्रतिबंध है। नागरिकों को कोई असुविधा न हो इसका ध्यान दिया जा रहा है।