भेजी गई सूची, रिहा हो सकते हैं 46 बंदी
सात साल से कम सजा वाले मामले में मिलेगी जमानत -हाईकोर्ट के निर्देश पर जेल प्रशासन ने कमेटी का किया गठन
महराजगंज: जेल में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए करीब 46 बंदियों को जमानत पर रिहा किया जाएगा। इसके अलावा पैरोल पर छूटने वाले 12 बंदियों पर विचार विमर्श किया जा रहा है। बंदियों की रिहाई को लेकर जेल प्रशासन की ओर से एक कमेटी का गठन किया गया है। सोमवार की सुबह अंतिम फैसले पर मुहर लगेगी और बंदियों को रिहा किया जाएगा।
बढ़ते संक्रमण को देखते हुए हाईकोर्ट ने निर्देश दिया है कि सात साल की सजा वाले मामले में जो भी आरोपित जेल में बंद हैं, उन्हें चिन्हित कर तत्काल जमानत पर छोड़ दिया जाए। कोर्ट के निर्देश के बाद यूपी के सभी जेलों में सात साल की सजा वाले मामले में बंदियों सूची तैयार की गई। करीब 46 बंदी महराजगंज जेल में है। यह मारपीट, चोरी, दहेज उत्पीड़न, आबकारी सहित विभिन्न मामलों में बंद हैं। वरिष्ठ जेल अधीक्षक एके सिंह की अध्यक्षता वाली कमेटी ने बंदियों की सूची तैयार की। कमेटी इस पर अंतिम निर्णय लेगी। बीमार व बुजुर्ग बंदियों सूची भी बनाई गई है। जमानत पर रिहा होने वाले बंदियों की पूरी जानकारी जेल मुख्यालय को भेजी गई है। जिला कारागार में करीब 876 महिला व पुरुष बंदी निरुद्ध हैं। इसमें विदेशी भी शामिल हैं। वरिष्ठ जेल अधीक्षक एके सिंह ने कहा कि 46 बंदियों की सूची तैयारी की गई है लेकिन इस पर अंतिम निर्णय कमेटी को लेना है। सोमवार को बंदियों को छोड़ा जाएगा। सभी को जमानत पर रिहा किया जा रहा है। पैरोल वाले बंदियों की संख्या अलग है। उस पर निर्णय होना बाकी है।