CAA Protest : उपद्रव में शामिल थे पश्चिम बंगाल के युवक, बाहरी महिलाओं ने भीड़ को उकसाया
परिवर्तन चौक पर प्रदर्शनकारियों को उकसाने में निभाई भूमिका। पथराव और आगजनी को दी हवा छह गिरफ्तार किए गए। बाहर से आए अराजकतत्वों की शिनाख्त में लगी खुफिया एजेंसी।
लखनऊ, (ज्ञान बिहारी मिश्र)। राजधानी की अमन-चैन में जहर घोलने वालों के चेहरे बेनकाब होने लगे हैं। एक के बाद एक पर्दे के पीछे छिपे लोगों की भूमिका उजागर होने लगी है। पुलिस की छानबीन में सामने आया है कि हिंंसा को हवा देने के लिए पश्चिम बंगाल से बड़ी संख्या में युवक लखनऊ आए थे। बवाल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने वाले लोगों को जब पुलिस ने गिरफ्तार किया तो चौंकाने वाली बात उजागर हुई। छानबीन के दौरान जब आरोपितों से उनका परिचय पत्र मांगा गया तो पता चला कि वह यहां हिंंसा फैलाने आए थे।
हजरतगंज पुलिस ने पश्चिम बंगाल से आए कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। यह बात उजागर होने के बाद खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। वीडियो फुटेज के जरिये पश्चिम बंगाल, अलीगढ़, दिल्ली व अन्य स्थानों से आए उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। पकड़े गए आरोपितों ने पूछताछ में बताया है कि वह मालदा से यहां हिंंसा फैलाने केे लिए ही आए थे। आरोपितों में ग्राम जन्म दल, थाना हरिशचंद्र पुर जिला मालदा निवासी अब्दुल कलाम का बेटा असलम, भोलाबरी निवासी मोहम्मद मुख्तार का बेटा शाह आलम, सांगडंगिला निवासी आरिफुल इस्लाम का बेटा सागर अली, इनार का बेटा संजू अली, मोहम्मद हुदा के बेटे खेरुल और सलेदुल शामिल हैं।
जामिया और अलीगढ़ विवि से आई थीं छात्राएं
खुफिया विभाग की रिपोर्ट में सामने आया है कि परिवर्तन चौक पर हुए प्रदर्शन में करीब 200 से अधिक लोग बाहर से आए थे। सूत्रों के मुताबिक आरोपितों ने प्रदर्शनकारियों को भड़काने, पथराव करने और गाडिय़ों में आग लगाने के लिए उकसाया था। यही नहीं जामिया और अलीगढ़ विवि से करीब 50 की संख्या में छात्राएं भी आई थीं, जिन्होंने परिवर्तन चौक पर प्ले कार्ड लेकर प्रदर्शन किया था।
बैरीकेडिंग पार कर बाहरी महिलाओं ने बढ़ाई थी हिंंसा
स्वास्थ्य भवन की ओर जाने वाले रास्ते पर रोकी गई भीड़ के बीच से कुछ बाहरी महिलाएं बैरीकेडिंग पार कर आगे निकली थीं। इनमें कई युवतियां भी थीं, जिन्होंने बेगम हजरत महल पार्क में खड़े प्रदर्शनकारियों को आगे बढऩे के लिए उकसाया था। हजरतगंज पुलिस इन महिलाओं की पहचान का प्रयास कर रही है।