विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में भी युवती से छेड़खानी, पुलिस लिखी कार से दो किमी तक किया युवती का पीछा

Published: Mon, 28 Sep 2026 01:05 PM (IST)

Lucknow Crime: लगातार पीछा किए जाने से घबराई युवती ने 1090 पर सूचना दी। मामले में गाजीपुर थाने में अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ।

पुलिस लिखी कार सवार युवक ने युवती का करीब दो किलोमीटर तक पीछा कर छेड़छाड़ की

पुलिस लिखी कार सवार युवक ने युवती का करीब दो किलोमीटर तक पीछा कर छेड़छाड़ की

HighLights

  1. युवती के विरोध के बावजूद कार सवार उसे परेशान करता रहा

  2. गाजीपुर थाने में अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

जागरण संवाददाता, लखनऊ। बिहार और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बाद राह चलती युवती से छेड़छाड़ का प्रकरण लखनऊ में भी सामने आया है। यहां के व्यस्त पालीटेक्निक-कमता मार्ग पर शनिवार रात पुलिस लिखी कार सवार युवक ने युवती का करीब दो किलोमीटर तक पीछा कर छेड़छाड़ की। युवती के विरोध के बावजूद कार सवार उसे परेशान करता रहा। लगातार पीछा किए जाने से घबराई युवती ने 1090 पर सूचना दी। मामले में गाजीपुर थाने में अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ।

इंदिरानगर निवासी युवती के मुताबिक, शाम करीब सात बजे वह पालीटेक्निक से कमता की तरफ पैदल जा रही थी। इसी दौरान सफेद फ्रांक्स कार उसके पीछे आ गई। कार पर पुलिस लिखा था। चालक ने कार उसके पास लाकर रोकी। उससे बातचीत करने की कोशिश की। उसने बात करने से इनकार कर दिया और आगे बढ़ती रही। इसके बाद भी चालक ने पीछा करना नहीं छोड़ा। वह कार को कभी उसके पास लाता तो कभी आगे ले जाकर रोकता। साथ चलने के लिए कहा। स्पष्ट रूप से मना करने के बाद भी वह लगातार उसे परेशान करता रहा।

भीड़भाड़ के बीच भी बेखौफ रहा

घटना शाम करीब सात बजे की है। पालीटेक्निक-कमता मार्ग पर उस समय काफी आवाजाही रहती है। बावजूद इसके कार सवार ने युवती का पीछा करना जारी रखा। कार पर पुलिस लिखा होने से युवती को यह भी डर था कि कहीं आरोपित पुलिस से जुड़ा व्यक्ति न हो। परेशान होकर उसने 1090 पर सूचना दी और बाद में थाने पहुंचकर तहरीर दी। युवती ने पुलिस से घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित कराने की मांग की है। पुलिस ने रविवार शाम रिपोर्ट दर्ज की है।

पुलिस लिखने की भी जांच

इस घटना में इस्तेमाल की गई कार पर 'पुलिस' लिखा हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। कार पर पुलिस लिखे होने का तथ्य भी पुलिस की जांच में अहम है। पुलिस यह पता लगा रही है कि वाहन पर पुलिस क्यों लिखा था और उसका चालक कौन है? आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से कार की आवाजाही और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।