नाजुक अंग व गला रेतकर युवक की जघन्य हत्या, छेड़छाड़ में जा चुका था जेल Sultanpur news
कोतवाली नगर के इमलिया खुर्द के खेत में मिला शव। दिहाड़ी मजदूर का काम करता था मृतक।
सुलतानपुर, जेेेेेेएनएन। जिले में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को कोतवाली नगर क्षेत्र के इमलिया खुर्द में एक युवक का नाजुक अंग व गला रेतकर जघन्य हत्या कर दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सुबह गांव के बाहर खेत में लहूलुहान स्थिति में लोगों ने करीब 25 वर्षीय युवक का शव क्षत-विक्षत स्थिति में पड़े देखा। उसके नाजुक अंग समेत शरीर व गले के पास गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दिल दहला देने वाली इस वारदात से आसपास के लोग भी दहशत में आ गए हैं। हत्या करने वालों का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है।
विनय कुमार (25) अपनी पत्नी, मां व बहन के साथ गोड़वा चौकी अंतर्गत इमलिया खुर्द में रहता था। वह दिहाड़ी मजदूर था और पेंटिंग का काम करता था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की शाम वह शौच के लिए घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं आया तो परिवारजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन नहीं मिला। शनिवार तड़के उसका शव घर की कुछ दूरी पर नलकूप के पास खेत में पड़ा हुआ था।
जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। जानकारी के अनुसार विनय पर कुछ माह पहले अमेठी के पीपरपुर थाने में छेडख़ानी का मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले में उसे जेल भी जाना पड़ा था। आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं वजहों से उसकी हत्या की गई। फिलहाल सही कारणों का पता जांच के बाद ही सामने आ सकेगा, लेकिन जिले में एक बाद एक हो रही ताबड़तोड़ हत्याओं ने लचर कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है। क्षेत्राधिकारी नगर सतीश चंद्र शुक्ल ने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्जकर तफ्तीश की जा रही है। जल्द ही इसका खुलासा कर दिया जाएगा।