UPPSC 2025: योगी सरकार की खास पहल, IAS-PCS अफसरों ने लिए मुख्य परीक्षा पास करने वालों के फ्री मॉक इंटरव्यू
योगी सरकार ने यूपीपीसीएस-2025 मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क मॉक इंटरव्यू कार्यक्रम आयोजित किया है। समाज ...और पढ़ें
-1790266472807_m.webp)
HighLights
यूपीपीसीएस-2025 मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क मॉक इंटरव्यू।
वरिष्ठ आईएएस-पीसीएस अधिकारियों ने वास्तविक साक्षात्कार का अनुभव दिया।
अभ्यर्थियों को व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद मिली।
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की यूपीपीसीएस-2025 मुख्य परीक्षा में सफलता हासिल कर चुके अभ्यर्थियों को अंतिम पड़ाव यानी इंटरव्यू के लिए तैयार करने का जिम्मा योगी सरकार ने उठाया है। इसी कड़ी में, समाज कल्याण विभाग की ओर से गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में एक विशेष नि:शुल्क मॉक इंटरव्यू कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य भावी अफसरों को वास्तविक साक्षात्कार से पहले पूरी तरह से परिपक्व और आत्मविश्वासी बनाना है।
असली इंटरव्यू जैसा माहौल और विशेषज्ञों की परख
इस विशेष कार्यक्रम में उपाम (उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी) से जुड़े वरिष्ठ आईएएस-पीसीएस अधिकारियों और विषय विशेषज्ञों के पैनल ने अभ्यर्थियों का मॉक इंटरव्यू लिया। पैनल ने अभ्यर्थियों से उनके विषयों, समसामयिक मुद्दों और प्रशासनिक परिदृश्यों पर सवाल पूछकर उनकी तार्किक क्षमता और विषयगत समझ को परखा। इस दौरान अभ्यर्थियों की जवाब देने की शैली, उनके आत्मविश्वास और संपूर्ण व्यक्तित्व प्रस्तुति (Personality Presentation) का भी गहराई से आकलन किया गया।
कमियों को दूर कर संतुलित दृष्टिकोण अपनाने पर जोर
यह सत्र केवल सवाल-जवाब तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह एक प्रभावी फीडबैक मैकेनिज्म साबित हुआ। इंटरव्यू के बाद विशेषज्ञों ने हर अभ्यर्थी को उसकी खूबियों और सुधार के क्षेत्रों के बारे में विस्तार से बताया। विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया कि मुश्किल सवालों का सामना करते समय संतुलित दृष्टिकोण कैसे रखें, विचारों में स्पष्टता कैसे लाएं और बिना दबाव में आए आत्मविश्वास कैसे बनाए रखें। इससे अभ्यर्थियों को असली इंटरव्यू से पहले अपनी कमियों को सुधारने का महत्वपूर्ण अवसर मिला।
'अभ्युदय योजना' सहित सभी सफल अभ्यर्थियों को मिला मंच
समाज कल्याण विभाग के उप निदेशक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि इस नि:शुल्क मॉक इंटरव्यू में समाज के विभिन्न वर्गों और प्रशिक्षण योजनाओं से जुड़े छात्रों को शामिल किया गया। इसमें छत्रपति शाहू जी महाराज शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान, भागीदारी भवन, परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्रों के साथ-साथ 'मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना' के तहत तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यूपीपीसीएस-2025 की मुख्य परीक्षा पास करने वाले अन्य अभ्यर्थियों के लिए भी यह मंच पूरी तरह खुला रहा, ताकि हर योग्य उम्मीदवार को सही मार्गदर्शन मिल सके।
