10वीं के मार्क्स खोलेंगे डॉक्टर-इंजीनियर बनने की राह: योगी सरकार दे रही मेधावियों को JEE-NEET की मुफ्त कोचिंग, रहना-खाना भी फ्री
योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश के मेधावी और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए JEE और NEET की मुफ्त ...और पढ़ें

HighLights
मेधावी छात्रों को JEE-NEET की निःशुल्क कोचिंग सुविधा।
दक्षणा फाउंडेशन के सहयोग से पुणे में मुफ्त सुविधा।
10वीं के अंकों व पारिवारिक आय पर होगा चयन।
डिजिटल टीम, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के होनहार और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के डॉक्टर या इंजीनियर बनने के सपने को साकार करने के लिए योगी सरकार ने एक बड़ी और संवेदनशील पहल की है। राज्य के जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में कक्षा 12 (विज्ञान वर्ग) में अध्ययनरत मेधावी छात्र-छात्राओं को अब जेईई (JEE) और नीट (NEET) जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए 1 वर्ष की पूर्णतः निःशुल्क कोचिंग दी जाएगी।
समाज कल्याण विभाग द्वारा यह सुविधा 'दक्षणा फाउंडेशन' के सहयोग से प्रदान की जा रही है। खास बात यह है कि इस योजना में चयन का आधार कक्षा 10वीं के गणित व विज्ञान विषयों के अंक और परिवार की वार्षिक आय को बनाया गया है। चयनित विद्यार्थियों को पुणे स्थित 'दक्षणा वैली परिसर' में निःशुल्क कोचिंग के साथ-साथ मुफ़्त आवास (रहने) और गुणवत्तापूर्ण भोजन की सुविधा भी मिलेगी।
JDST-2027 के जरिए होगा चयन
समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में 12वीं विज्ञान वर्ग में पढ़ रहे और मई 2027 तक बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी संयुक्त दक्षणा चयन परीक्षा (JDST-2027) के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इंजीनियरिंग वर्ग (JEE): छात्राओं को 5% अंकों की विशेष छूट
इंजीनियरिंग वर्ग में प्रवेश के लिए 10वीं के गणित और विज्ञान विषयों में न्यूनतम अंक का कटऑफ तय किया गया है।
- सामान्य वर्ग (छात्र): 10वीं में गणित और विज्ञान में न्यूनतम 85 प्रतिशत अंक अनिवार्य।
- सामान्य वर्ग (छात्राएं): छात्राओं को प्रोत्साहन देने के लिए 5% की छूट के साथ 80 प्रतिशत अंक निर्धारित।
- आरक्षित व दिव्यांग श्रेणी: अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए नियमानुसार अलग छूट व मानक लागू होंगे।
मेडिकल वर्ग (NEET): श्रेणीवार कटऑफ तय
नीट की तैयारी के लिए 10वीं कक्षा के प्राप्त अंकों के आधार पर श्रेणीवार मानक तय किए गए हैं।
- सामान्य वर्ग: न्यूनतम 80 प्रतिशत अंक।
- OBC एवं EWS वर्ग: न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक।
- SC एवं ST वर्ग: न्यूनतम 65 प्रतिशत अंक।
पारिवारिक आय की शर्त और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया
योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से विपन्न परिवारों के बच्चों को आगे बढ़ाना है, इसलिए पारिवारिक आय की सीमा तय की गई है।
- छात्रों के लिए: परिवार की कुल वार्षिक आय ₹3 लाख से कम होनी चाहिए।
- छात्राओं के लिए: परिवार की कुल वार्षिक आय ₹5 लाख से कम होनी चाहिए।
राज्य सरकार ने सर्वोदय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी किए हैं कि वे सभी पात्र विद्यार्थियों को इस योजना के प्रति जागरूक करें। इच्छुक और पात्र विद्यार्थी सीधे आधिकारिक पोर्टल https://apply.scholarship.dakshana.org पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
