योगी सरकार नौ करोड़ पौधे रोपकर तोड़ेगी अखिलेश का रिकॉर्ड
वर्ष 2016 में अखिलेश यादव की सरकार ने एक दिन में पांच करोड़ पौधरोपण कर गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराया था। अब यह रिकॉर्ड योगी सरकार तोडऩे जा रही है।
लखनऊ (जेएनएन)। योगी सरकार अब पौधरोपण के मामले में पूर्व की अखिलेश सरकार का रिकॉर्ड तोडऩे जा रही है। सरकार एक दिन में नौ करोड़ पौधे रोपेगी। यह विशेष पौधरोपण अभियान स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त के दिन चलेगा। इसमें वन विभाग के अलावा 22 अन्य विभाग की मदद ली जाएगी। मंत्री, विधायक, सांसद, जनप्रतिनिधि व विशिष्टजन अपने-अपने क्षेत्रों में पौधरोपण कर जनआंदोलन का रूप देंगे।
वर्ष 2016 में अखिलेश यादव की सरकार ने एक दिन में पांच करोड़ पौधरोपण कर गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराया था। अब यह रिकॉर्ड योगी सरकार तोडऩे जा रही है। वन एवं पर्यावरण विभाग की प्रमुख सचिव कल्पना अवस्थी ने बताया कि यह विशेष पौधरोपण अभियान प्रदेश के सभी स्कूल-कॉलेज व कार्यालय परिसरों में होगा।
इस अभियान की सफलता के लिए विद्यार्थियों, राजकीय कर्मचारियों, किसानों, स्वयंसेवी संस्थाओं, नेहरू युवा केंद्र, एनसीसी व एनएसएस के कार्यकर्ताओं को लगाया गया है। इसमें औद्योगिक प्रतिष्ठानों, ईको क्लब, लायंस क्लब, रोटरी क्लब व रेजीडेंस वेलफेयर एसोसिएशन आदि का सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि विशेष पौधरोपण अभियान में वन विभाग के अलावा ग्राम्य विकास, पंचायती राज, राजस्व, सिंचाई, कृषि, शिक्षा, उद्यान, रक्षा व रेल विभाग सहित 22 राजकीय विभागों का सहयोग लिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी 75 जिलों के डीएम की अध्यक्षता में जिला पौधरोपण समिति की बैठक में इसकी रणनीति तैयार की गई है। इसके अलावा सभी 18 मंडलों में मंडलायुक्त की अध्यक्षता में अधिकारियों के साथ बैठक कर इस अभियान की सघन निगरानी की जा रही है।