Move to Jagran APP

अयोध्या में दीपोत्सव सफलता के बाद अब काशी में होगी भव्य देव दीपावली, 15 लाख दीयों से सजेंगे 84 घाट

Kashi Dev Deepawali 2020 रामनगरी अयोध्या में दीपावली पर भव्य दीपोत्सव के सफल आयोजन के बाद अब उत्तर प्रदेश की योगी सरकार काशी की विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली को और भी भव्य बनाने जा रही है। इस बार काशी के घाटों को 15 लाख से अधिक दीयों को जलाया जाएगा।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Wed, 18 Nov 2020 03:50 PM (IST)Updated: Wed, 18 Nov 2020 05:48 PM (IST)
अयोध्या में दीपोत्सव सफलता के बाद अब काशी में होगी भव्य देव दीपावली, 15 लाख दीयों से सजेंगे 84 घाट
इस बार देव दीपावली में 15 लाख से ज्यादा के दीयों से काशी के घाट सजाए जाएंगे।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। Kashi Dev Deepawali 2020: रामनगरी अयोध्या में दीपावली पर भव्य दीपोत्सव के सफल आयोजन के बाद अब उत्तर प्रदेश की योगी सरकार काशी की विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली को और भी भव्य बनाने जा रही है। देव दीपावली पर पिछले साल काशी के घाटों को दस लाख दीयों की रोशनी से रोशन किया गया था, जबकि इस बार देव दीपावली को भव्‍य बनाने के लिए 15 लाख से अधिक दीयों को जलाया जाएगा। 30 नवंबर कार्तिक पूर्णिमा के दिन बनारस के 84 घाट 15 लाख दीयों की रोशनी से झिलमिलाएंगे। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शिरकत करने की संभावना है।

loksabha election banner

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में इस वर्ष देव दीपावली पर ना भूतो ना भविष्यति स्तर का ग्रैंड शो का आयोजन किया जाएगा। साथ ही गंगा नदी में पानी की लहरों पर लेजर शो एवं प्रोजेक्‍टर के माध्यम से काशी की महिमा, शिव की महिमा एवं गंगा अवतरण आदि का भव्य प्रदर्शन होगा। बनारस के घाटों पर देव दिवाली हर साल बड़े पैमाने पर मनाई जाती है और दुनिया भर से लोग इसे देखने आते हैं।

उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के संयुक्‍त निदेशक अविनाश मिश्रा ने बताया कि इस बार देव दीपावली में 15 लाख से ज्यादा के दीयों से काशी के घाट सजाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस साल देव दीपावली पिछले वर्षों से बेहतर और अच्‍छे स्‍तर पर मनाई जाएगी। इस मौके पर एक बड़ा प्रकाश उत्सव आयोजित होगा। मिश्रा ने बताया कि देव दीपावली के दिन 20-25 घाटों पर बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। यहां पर आने वाले पर्यटक नाव से भी इसका नजारा देख सकेंगे।

अविनाश मिश्रा ने बताया कि पर्यटकों को पिछले वर्षों से अलग हटकर इस बार काफी कुछ नया देखने को मिलेगा। गंगा आरती में भी ऐसी व्यवस्था होगी कि लोग फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करें और दूरी को बनाए रखें। वाराणसी के जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि सरकार की इच्छा है कि अयोध्या जैसा भव्य आयोजन काशी की देव-दीपावली में हो, इसको लेकर सरकार ने विशेष तैयारी करने का निर्देश दिया है।

यह है धार्मिक मान्यता : माना जाता है कि देव दीपावली के दिन सभी देवता बनारस के घाटों पर आते हैं। कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नाम के राक्षस का वध किया था। त्रिपुरासुर के वध के बाद सभी देवी-देवताओं ने मिलकर खुशी मनाई थी। काशी में कार्तिक पूर्णिमा के दिन देव दीपावली मनाने की परंपरा सदियों से चली आ रही है। इस दिन दीपदान करने का विशेष महत्व होता है। मान्‍यता है कि भगवान शंकर ने खुद देवताओं के साथ गंगा के घाट पर दिवाली मनाई थी, इसीलिए देव दीपावली का धार्मिक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व भी बढ़ जाता है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.