उत्तर प्रदेश बनेगा डिजिटल हब, सीएम योगी आज जीसीसी इनोवेशन समिट-2026 का करेंगे उद्घाटन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में वैश्विक क्षमता केंद्र (जीसीसी) इनोवेशन समिट-2026 का उद्घाटन करेंगे।

सीएम योगी। (तस्वीर- फाइल)
HighLights
सीएम योगी करेंगे जीसीसी इनोवेशन समिट का उद्घाटन।
यूपी को वैश्विक नवाचार केंद्र बनाने पर चर्चा।
कंपनियों संग एमओयू और एलओसी का आदान-प्रदान।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश को वैश्विक नवाचार और डिजिटल इंजीनियरिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने को लेकर सोमवार को लखनऊ में आयोजित की जा रही वैश्विक क्षमता केंद्र (जीसीसी) इनोवेशन समिट-2026 का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
इस दौरान जीसीसी के क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं, तकनीकी विकास और प्रदेश में वैश्विक कंपनियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने पर चर्चा होगी। लखनऊ के द सेंट्रम होटल में आयोजित होने वाली समिट में जीसीसी क्षेत्र की कंपनियों और विश्वविद्यालयों के साथ रणनीतिक समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा प्रदेश में जीसीसी स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रही प्रमुख इकाइयों को लेटर आफ कम्फर्ट (एलओसी) भी सौंपे जाएंगे। समिट में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री सुनील कुमार शर्मा तथा संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी भी शामिल होंगे।
