यूपी के शिक्षामित्रों के लिए ₹250 करोड़ का बजट जारी, बढ़ा मानदेय खाते में आने की तारीख तय
परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षामित्रों को इस माह से 18 हजार रुपये मानदेय मिलेगा, जिसकी बढ़ी हुई राशि पांच मई ...और पढ़ें

HighLights
शिक्षामित्रों को अब 18 हजार रुपये मानदेय मिलेगा।
बढ़ी हुई राशि पांच मई से पहले खातों में आएगी।
गोरखपुर में सीएम योगी करेंगे सम्मान समारोह।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षामित्रों को इस माह से 18 हजार रुपये मानदेय मिलेगा। बढ़ी हुई राशि पांच मई से पहले उनके खातों में पहुंच जाएगी। इसी के साथ, पांच मई को गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शिक्षामित्र सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम के साथ-साथ प्रदेश के सभी जिलों में भी सम्मान समारोह होंगे, जिनमें स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल रहेंगे। इसके जरिये सरकार यह संदेश देना चाहती है कि वह शिक्षामित्रों के साथ खड़ी है।
प्रदेश में करीब 1.42 लाख शिक्षामित्र कार्यरत हैं। अब तक उन्हें 10 हजार रुपये मानदेय मिलता था, जिसे बढ़ाकर 18 हजार रुपये कर दिया गया है। यानी 8 हजार रुपये की बढ़ोतरी की गई है। यह बढ़ा हुआ मानदेय अप्रैल से लागू माना जाएगा और इसकी राशि अब उनके खातों में भेजी जा रही है।
प्रदेश सरकार ने इसके लिए करीब 250 करोड़ रुपये का बजट भी मंजूर किया है। गोरखपुर में होने वाले मुख्य कार्यक्रम में कुछ शिक्षामित्रों को प्रतीकात्मक रूप से डमी चेक भी दिए जाएंगे। कार्यक्रम स्थल पर बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं से जुड़े स्टाल भी लगाए जाएंगे।
वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में भी जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में समानांतर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हर जिले को इसके लिए 2.50 लाख रुपये बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जारी किया गया है।
