योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पर लगा जनता दरबार, सुनी लोगों की समस्याएं
प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन पत्र मुख्यमंत्री को खुद दिए।
लखनऊ (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अपने सरकारी आवास पर जनता की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए। सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ समाधान किया जाए और इस सम्बन्ध में उनसे इस बारे में दोबारा जानकारी भी ली जाए कि उनका काम पूरा हुआ या नहीं।
#UPCM श्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। pic.twitter.com/ec1hjYuUzU
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) April 1, 2017
मुख्यमंत्री के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर भी इसकी जानकारी दी गई। प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन पत्र मुख्यमंत्री को खुद दिए। अधिकांश प्रार्थना पत्र आर्थिक सहायता, कृषि, बिजली आपूर्ति, आवास आवंटन, पेयजल, अवैध कब्जे, निजी इलाज और नौकरी जैसे मामलों से संबंधित थे।
यहां पहुंची महिलाओं में से एक ने अपने साथ हो रही लगातार छेड़छाड़ के बारे में मुख्यमंत्री को बताया।
यह भी पढ़ें: योगी आदित्यनाथ का निर्देश, जनहित में खर्च हो योजनाओं की रकम
इस मामले को मुख्यमंत्री ने बहुत ही गंभीरता से लिया और संबंधित अधिकारियों से इस पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा। इसी तरह दूसरे लोगों ने भी मुख्यमंत्री को अपनी समस्याओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने सभी लोगों की समस्याओं को ध्यान से सुना और इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: तंबाकू खाने में योगी के ड्राइवर पर लगा 500 रुपये का जुर्माना