विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

‘किसान की मोटर चुराने वाला अगले दिन लंगड़ा…’, सीएम योगी का बड़ा बयान, बोले- पहले सरकार ही कराती थी चोरी

Published: Tue, 25 Aug 2026 07:42 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कृषि विभाग के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में पिछली सरकारों पर निशाना साधा और कहा कि अब किसान की मोटर चुराने वाला लंगड़ा हो जाएगा।

News Article Hero Image

HighLights

  1. सीएम योगी ने पिछली सरकारों पर साधा निशाना।

  2. किसान की मोटर चुराने वाले को दी कड़ी चेतावनी।

  3. अगले छह माह में एक लाख नौकरी का ऐलान।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कृषि क्षेत्र की उपलब्धियां का उल्लेख करते हुए कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य माना जाता था। युवा पलायन करते थे, किसान आत्महत्या करते थे और बेटियां भी सुरक्षित नहीं थी। किसान की मोटर खेत से चोरी हो जाती थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज यूपी के अन्नदाता किसान के खेत से कोई मोटर चोरी करके नहीं ले जाता है, क्योंकि उसको मालूम है, चोरी करेगा तो अगले दिन लंगड़ा जरूर हो जाएगा। 2017 के पहले तो सरकार ही मोटर चोरी करवाती थी, चोर कोई दूसरा थोड़े था।

मुख्यमंत्री योगी मंगलवार को कृषि विभाग के 3,446 प्राविधिक सहायकों और मंडी परिषद के 126 नवचयनित मंडी सचिवों को नियुक्ति-पत्र वितरण कार्यक्रम में बोल रहे थे।

हमारे पास सात महीने की चीनी है: योगी

उत्तर प्रदेश में चीनी की उपलब्धता को लेकर योगी ने कहा कि यूपी की एक महीने की कुल खपत चार लाख टन है, हमारे 28 लाख टन चीनी उपलब्ध है, यानी सात महीने की चीनी हमारे पास है और हम 15 अक्टूबर से फिर चीनी मिल चालू करेंगे तो 90 लाख टन चीनी का उत्पादन कर लेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी केवल अपनी 25 करोड़ जनता का ही नहीं, भारत की 140 करोड़ जनता का पेट भरने की सामर्थ्य रखता है। कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, प्रमुख सचिव (कृषि) रविंद्र, कृषि निदेशक त्र्यंबक मणि त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।

छह माह में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री योगी ने अगले छह माह में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का भी एलान किया। उन्होंने कहा, हमने उच्च शिक्षा में सुधार के लिए कहा है। आयोगों और बोर्डों को कहा है आपके कार्यों में सरकार का कोई हस्तक्षेप नहीं है, स्वतंत्रता है तो समय से परिणाम लाइए। भर्ती की प्रक्रिया सरल बनाएं। अधियाचन आते ही एक माह में विज्ञापन निकालें, तीन माह में परीक्षा हो और छह माह में नियुक्ति पत्र दे दिए जाएं। 

मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकारें युवाओं के भरोसे के साथ खिलवाड़ करती थीं। बंदरबांट कर पैसे के बल पर नौकरी देती थीं। हमारी सरकार में बिना सिफारिश और लेनदेन के नियुक्ति पत्र मिल रहे हैं।

यह भी पढ़ें- सीएम योगी का एलान, बोले- नोट कर लें तारीख...अगले 6 महीने में 1 लाख युवाओं को देंगे सरकारी नौकरी