Madarsa In UP: योगी आदित्यनाथ सरकार ने बदला मदरसों में पढ़ाई का समय, अब सुबह नौ से तीन बजे तक होगी पढ़ाई
योगी आदित्यनाथ सरकार प्रदेश के मदरसों में शिक्षा के आधुनिकीकरण के साथ अन्य व्यवस्थाओं पर भी फोकस कर रही है। प्रदेश सरकार ने मदरसों में पढ़ाई के समय में बदलाव किया है। अब एक अक्टूबर से सुबह नौ से तीन बजे तक पढ़ाई होगी।
लखनऊ, राज्य ब्यूरो। Study Timing Change In Madarsa प्रदेश सरकार ने मदरसों में पढ़ाई का समय एक घंटा बढ़ा दिया है। अब मदरसे सुबह नौ बजे से दिन में तीन बजे तक संचालित होंगे। पहले इनमें सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक पढ़ाई होती थी।
सरकार ने एक घंटा समय आधुनिक विषयों की पढ़ाई के लिए जोड़ा है। मदरसों की नई समय सारिणी एक अक्टूबर से लागू होगी। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद के रजिस्ट्रार जगमोहन सिंह ने मंगलवार को इसके आदेश जारी कर दिए।
अब मदरसों में सुबह नौ बजे राष्ट्रगान व प्रार्थना होगी। शिक्षण कार्य सुबह 9:20 से दोपहर 12 बजे तक होगा। इसके बाद भोजनावकाश दोपहर 12 से 12:30 बजे तक होगा। 12:30 से दिन में तीन बजे तक फिर शिक्षण कार्य होगा। नई व्यवस्था प्रदेश के सभी 14513 मान्यता प्राप्त मदरसों में लागू होगी।
मदरसा बोर्ड के चेयरमैन डा. इफ्तिखार अहमद जावेद ने बताया कि मदरसों में पढ़ाई का समय एक घंटा बढ़ाया गया है। यह समय एक अक्टूबर से 31 मार्च तक रहेगा। एक अप्रैल से 30 सितंबर तक सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक मदरसाें में पढ़ाई कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि यह समय इसलिए बढ़ाया गया है ताकि दीनी तालीम के साथ आधुनिक विषय और अच्छे से बच्चों को पढ़ाए जा सकें।
बता दें कि योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रदेश में गैर मान्यता प्राप्त मदरसों का सर्वे करा रही है। इसके तहत सरकार ने मदरसों की जांच कर रिपोर्ट के लिए दिशा-निर्देश जारी किए थे। सरकार की ओर से 31 अगस्त को प्रदेश में चलने वाले सभी गैर मान्यता प्राप्त निजी मदरसों का सर्वेक्षण करने का आदेश दिया था।
इसके लिए दस सितंबर तक टीम गठित करने का काम खत्म कर लिया गया है। टीम मदरसों की स्थिति का सर्वे करेगी। टीमों को आदेश के मुताबिक 15 अक्टूबर तक सर्वे पूरा कर लेना है। टीमें 25 तक अपनी सर्वे रिपोर्ट सरकार को सौंप देंगी।