अब महिलाओं से जुड़ी हर समस्याओं का होगा निस्तारण, डीजीपी ने किया महिला सम्मान कक्ष का उद्घाटन
यूपी डीजीपी ओपी सिंह ने किया महिला सम्मान कक्ष का उद्घाटन। गोमतीनगर थाने से 14 थानों में इस पहल की हुई शुरुआत।
लखनऊ(जागरण संवाददाता)। अब महिलाओं से जुड़ी हर समस्याओं का निस्तारण होगा। महिलाएं अपनी गोपनीयता रखते हुए समस्याएं पुलिस तक साझा कर सकेंगी। राजधानी में रविवार को डीजीपी ओपी सिंह ने महिला सम्मान कक्ष का उद्घाटन कर गोमतीनगर थाने से 14 थानों में इस पहल की शुरुआत की। इस दौरान डीजीपी की पत्नी नीलम सिंह भी मौजूद रहीं। वहीं, आइजी सुजीत पांडेय, एसएसपी कलानिधि नैथानी, एसपी नार्थ अनुराग वत्स, सीओ गोमतीनगर चक्रेश मिश्रा सहित तमाम महिला पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
1090 से जोड़ा जाएगा महिला सम्मान कक्ष :
गोमतीनगर थाने में महिला सम्मान कक्ष के उद्घाटन के साथ ही महिला सब इंस्पेक्टर पूजा गुप्ता को प्रभारी बनाया गया। इस पहल में एक महिला दारोगा और दो महिला सिपाही तैनात रहेंगे। आइजी सुजित पाडेय ने बताया कि छह माह से 50 पुलिसकर्मियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है कि वह आगंतुकों से कैसे बात करें। महिला सुरक्षा रजिस्टर भी रखा गया है। आने वाले समय में 1090 से महिला सम्मान कक्ष को जोड़ने का काम किया जाएगा।
इन थानों में पहल की शुरुआत : - हजरतगंज
- गोसाईगंज
- नगराम
- आशियाना
- नाका हिण्डोला
- आलमबाग
- काकोरी
- तालकटोरा
- कृष्णा नगर
- पीजीआइ
- चौक
- बंथरा
- ठाकुरगंज
- खालाबजार