कटा अंगूठा छोड़ जेवर लेकर भागा लुटेरा, सीतापुर की बहादुर महिला ने सिखाया ऐसा सबक
सीतापुर में खेत जा रही महिला लुटेरे से भिड़ी हाथापाई में महिला ने काट लिया लुटेरे का अंगूठा।
सीतापुर, जेएनएन। सीतापुर में एक महिला की बहादुरे के चर्चे हो रहे हैं। महिला जेवर लूटने वाले लुटेरे न केवल भिड़ गई, बल्कि उसने उसका अंगूठा भी काट डाला। हालांकि इसके बाद भी लुटेरा जेवर लेकर भागने में सफल रहा। घबराए लुटेरे ने जल्दबाजी में अपना कटा हुआ अंगूठा भी नहीं उठाया और भाग गया। हालांकि इस घटना से उसे कुछ तो सबक मिला होगा।
यह है मामला
बुधवार दोपहर खेत जा रही महिला के गले से माला और कुंडल नोचना लुटेरे को महंगा पड़ गया। तंबौर थाना क्षेत्र के गांव बसंतापुर निवासी रामदेवी पत्नी विक्रम बुधवार सुबह खेत जा रही थी। गांव के बाहर मुख्तार के खेत के समीप साइकिल सवार लुटेरे ने महिला के गले से माला और कान के कुंडल नोच लिए। महिला लुटेरे से भिड़ गई और दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। महिला ने लुटेरे के हाथ का अंगूठा अपने दांत से काट लिया, लेकिन किसी तरह लुटेरा महिला को धकेलता हुआ भागने में कामयाब रहा। लुटेरा महिला का जेवर लेकर भाग गया, लेकिन अपना कटा हुआ अंगूठा वहीं छोड़ गया। पूरा गांव महिला की बहादुरी की सराहना कर रहा है। मामले की सूचना थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पूरे क्षेत्र की कांबिंग की जा रही है। अब तक लुटेरे का सुराग नहीं लगा है।