सीतापुर : प्रॉपर्टी के विवाद में महिला को मारी गोली, जेठ सहित चार नामजद
पति की मौत के बाद उसके ससुराल वाले प्रॉपर्टी में उसकी हिस्सेदारी को लेकर तैयार नहीं है।
सीतापुर, जेएनएन। बुधवार देर रात 11:45 बजे के दौरान शहर के कैंची पुल के पास घात लगाए बैठे लोगों ने एक महिला को गोली मार दी। घायल महिला को डायल 112 पुलिस जिला अस्पताल लेकर इमरजेंसी में भर्ती कराया है। महिला ने अपना नाम लक्ष्मी त्रिवेदी बताया है।
शहर के शास्त्री नगर मोहल्ले की निवासी महिला ने बताया कि उसका विवाह कुछ वर्ष पहले इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र के गांव दहेलिया में विजय त्रिवेदी के साथ हुआ था। कुछ समय पहले पति की मौत के बाद वह अपने मायके शास्त्री शास्त्री नगर में आकर रहने लगी थी। वह देर रात अपनी बेटी की दवा लेकर जिला अस्पताल से लौट रही थी। तभी रास्ते में कैंची पुल के पास उसके जेठ अजय त्रिवेदी, ससुर व चचेरे ससुर के साथ ही एक अन्य व्यक्ति ने अचानक आकर हमला बोल दिया।
महिला के मुताबिक कि ये लोग किसी मुखबिर की सूचना पर पहले से घात लगाकर उसका इंतजार कर रहे थे। इसी बीच किसी एक ने उस पर असलहे से फायर किया। गोली महिला के बाएं कंधे के पास हाथ में जा धंसी। इलाज कर रहे डॉक्टरों ने महिला की हालत खतरे से बाहर बताई है। महिला ने संबंधित चारों के विरुद्ध शहर कोतवाली में तहरीर दी है। उपचार के दौरान महिला ने बताया कि उसके पति की मौत के बाद उसके ससुराल वाले प्रॉपर्टी में उसकी हिस्सेदारी को लेकर तैयार नहीं है। वह इसके लिए आए दिन झगड़ते रहते हैं।