लखनऊ में इंदिरानगर में महिला का तांडव, तेज रफ्तार कार से कई लोगों को रौंदा-गिरफ्तार
खुर्रमनगर नगर सिपाहियों ने पीछा कर महिला को कार सहित दबोचा। लखनऊ के इन्दिरानगर थाना क्षेत्र का मामला।
लखनऊ, जेएनएन। इंदिरानगर क्षेत्र में बुधवार शाम को एक बेकाबू कार सड़क पर काल बनकर दौड़ी। कार एक महिला चला रही थी। उससे अनियंत्रित हुई कार ने आधा दर्जन वाहनों को टक्कर मारी। पांच-छह लोग को चपेट में लिया, जिससे वह घायल हो गए। सड़क पर अफरातफरी का माहौल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला नशे में थी, हालांकि पुलिस के मुताबिक महिला हृदय रोगी है। उसकी कार से दवाएं मिली हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बेकाबू कार ने सड़क पर जा रहे लोगों को मारी। लोगों गंभीर रूप से घायल हो गए। एक युवक बोनट पर काफी दूर तक घिसटता चला गया था। टक्कर इतनी तेज थी कि लोगों के लहूलुहान होने से गाड़ी का आगे का हिस्सा तक खून से सन गया था। किसी तरह गाड़ी नियंत्रित हुई तब लोगों ने राहत की सांस ली। महिला की लापरवाही से कई और लोगों की जान संकट में पड़ सकती थी। लोगों के मुताबिक महिला नशे में थी।
वहीं, पुलिस ने घटना में गोलू सहित दो लोगों के घायल होने की बात कही है। इंस्पेक्टर इंदिरानगर का कहना है कि गाड़ी जानकीपुरम सहारा एस्टेट निवासी मीनाक्षी त्रिपाठी (53) चला रही थीं। वह हार्ट पेशेंट हैं। उनकी कार से दवाएं भी मिली हैं। महिला के लापरवाही से कार चलाने पर कार्रवाई के सवाल पर इंस्पेक्टर महिला का बचाव करते दिखे।