गोंडा में फटी आटा चक्की, 50 मीटर दूरी महिला के पेट में घुसे पत्थर-मौत
गोंडा के खोड़ारे थानाक्षेत्र के केवटहिया गांव का मामला। ट्रैक्टर से चलाई जा रही थी गेहूं पीसने वाली आटा चक्की। अचानक से फटी महिला की मौत।
गोंडा, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के गोंडा में बीती सोमवार की शाम अचानक आटा चक्की फट गई। जिसकी चपेट में आकर एक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही इलाके में अफरा तफरी मच गई। उधर, घटना में कुछ लोग जख्मी हुए, जिन्हें इलाज के बाद घर भेज दिया गया है।
ये है पूरा मामला
मामला खोड़ारे थानाक्षेत्र के केवटहिया गांव का है। यहां ट्रैक्टर से गेहूं पीसने वाली आटा चक्की चलाई जा रही थी। सोमवार की शाम को गेहूं पिसाई का कार्य चल रहा था। तभी अचानक से चक्की फट गई। उसके फटने से 50 मीटर दूरी पर बैठी क्रांति देवी के पेट में पत्थर के टुकड़े लग गये, जिससे वह घायल हो गयी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरा चौकी ले जाते समय रास्ते में ही क्रांति देवी की मौत हो गई| चक्की फटने से मोनिका, श्रीमती सीमावती, रेखा देवी घायल हो गए, जिनको बस्ती के अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद सभी को घर भेज दिया गया। थानाध्यक्ष खोंडारे अटल बिहारी ठाकुर ने बताया की मृतका के माता-पिता ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इस नाते शव का पंचनामा कर परिवार के सुपुर्द कर दिया गया। ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया है। अगर घायल चाहेंगे तो उनका मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।