सास ने जींस पहनने से किया मना, तो बहू ने उठाया खौफनाक कदम
दो साल पहले हुई थी शादी। 15 घंटे तक फांसी के फंदे पर ही लटका रहा शव। पुलिस पहुंची तब शव को फंदे से नीचे उतारा गया।
लखनऊ, जेएनएन। सास ने जींस-टॉप पहनने से मना किया तो बहू ने फांसी लगाकर जान दे दी। परिवारीजन की अनदेखी से शव 15 घंटे तक फांसी के फंदे पर ही लटका रहा, पुलिस पहुंची तब शव को फंदे से नीचे उतारा गया। युवती के पति सुशील कुमार एक निजी कंपनी में थ्रीडी मकान डिजाइनर हैं।
सीओ अलीगंज दीपक सिंह ने बताया जानकीपुरम स्थित सेक्टर सी निवासी पूजा (20) नर्सिग की पढ़ाई कर रही थी। उसकी सास ने गत दिनों उसे जींस और टॉप पहनने से मना किया था, जिस पर विवाद हुआ था, लेकिन सुसाइड नोट में पूजा ने किसी के ऊपर कोई आरोप नहीं लगाया है। उसने लिखा है ‘आई लव यू पापा-मम्मी, मैं जा रही हूं’। पुलिस के अनुसार, परिवारीजन घटना को करीब 15 घंटे तक छिपाए रहे। मंगलवार सुबह पड़ोसियों को जानकारी हुई, तब जाकर पुलिस को सूचना दी गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
सीओ ने बताया कि दो वर्ष पूर्व बलिया जिले में पूजा की शादी सुशील से हुई थी। सोमवार को सुशील अपने काम पर गए थे। पत्नी और मां घर पर थीं। सुशील के मुताबिक वह शाम को लौटे तो पूजा ने कमरा अंदर से बंद कर रखा था। खिड़की से झांकने पर पता चला कि उसने फांसी लगा ली। सुशील ने पुलिस को बताया कि पत्नी शव देखकर वह सुधबुध खो बैठा, इसी के चलते शव फांसी पर 15 घंटे तक लटका रहा। सीओ के अनुसार, बताया कि मृतका के मायके वाले अगर कोई तहरीर देंगे तो पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।