घर में घुसकर महिला को मारी गोली-हत्या, बिस्तर पर खून से लथपथ शव देख उड़े पति के होश
बहराइच के कैसरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रमवापुर रघुवीर सिंह का मामला है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस।
बहराइच, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के बहराइच में अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर सो रही एक 28 वर्षीय महिला को गोली मार दी। बताया जा रहा है कि सुबह छह बजे मृतका के पति के कमरे से बाहर निकलते ही अज्ञात हमलावर अंदर घुसे। गोली की आवाज सुनकर घर में मौजूद परिवारजन मौके पर पहुंचे। बिस्तर पर पड़ा पत्नी का शव देखकर खून से लथपथ देख सभी के होश उड़ गए। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। जानकारी पाकर एएसपी शहर, सीओ व एसओ कैसरगंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
ये है पूरा मामला
मामला कैसरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रमवापुर रघुवीर सिंह का है। यहां की निवासी अंजनी(28) सोमवार सुबह छह बजे कमरे में सो रही थी। पति दीनबंधु लघुशंका के लिए गया। परिवारजन का आरोप है कि इस दौरान अंजनी के कमरे के पास से गोली चलने की आवाज आई। परिवारजन भागकर मौके पर पहुंचे तो महिला को खून से लथपथ बिस्तर पर पड़ा देखा। तड़के हुई हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर एएसपी अजय कुमार, सीओ जंगबहादुर यादव, एसओ संजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्यों का संकलन किया।
क्या कहती है पुलिस ?
पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की तीन टीमों को खुलासे के लिए लगाया गया है। सभी टीमों का नेतृत्व एएसपी शहर करेंगे। उन्होंने बताया कि जांच पड़ताल के दौरान कुछ अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। जल्द ही घटना का राजफाश कर दिया जाएगा।