सीतापुर में डीएम कार्यालय के बाहर महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस पर सुनवाई न करने का आरोप
सीतापुर में महिला ने आत्मदाह करने का प्रयास किया। डीएम कार्यालय पहुंची पीड़िता ने बैग में रखी पेट्रेाल की शीशी निकाली। खुद पर पेट्रेाल छिड़ककर माचिस जलाने का प्रयास किया। पेट्रेाल डालते देख होमगार्ड अजीत पांडेय दौड़े और महिला से माचिस छीन ली।
सीतापुर, संवाद सूत्र। थानेदार की कार्यशैली से परेशान पीड़िता ने डीएम कार्यालय के बाहर खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया। माचिस निकालकर खुद को आग लगाने का प्रयास किया। नजर पड़ते ही होमगार्ड ने महिला से माचिस छीन ली। महिला, दुष्कर्म मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने को भटक रही है। कुछ दिन पहले एसपी से भी गुहार लगा चुकी है। संदना पुलिस ने अब तक केस दर्ज नहीं किया। आरोपित, महिला को धमकी दे रहे हैं।
यह है पूरा मामलाः संदना इलाके के एक गांव में रहने वाली महिला का आरोप है कि 26 जून को वह शौच गई थी। पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही तीन युवकों ने उसे रोक लिया। इसके बाद बाग में ले जाकर असलहे के बल पर दो लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। किसी से बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घर पहुंची पीड़िता ने आपबीती पति व अन्य परिवारीजन से बताई। परिवारीजन उसे लेकर संदना थाने पहुंचे। पुलिस ने महिला की शिकायत पर ध्यान नहीं दिया।
शिकायत के बाद परेशान कर रहे आरोपितः महिला का आरोप है कि थाने व उच्च अधिकारियों से शिकायत के बाद आरोपित उसके घर आ धमके। शिकायत वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी देने लगे। परेशान होकर वह डीएम से गुहार लगाने आई। यहां भी अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया।
पेट्रोल छिड़कते देख दौड़े होमगार्डः डीएम कार्यालय पहुंची पीड़िता ने बैग में रखी पेट्रेाल की शीशी निकाली। खुद पर पेट्रेाल छिड़ककर माचिस जलाने का प्रयास किया। पेट्रेाल डालते देख होमगार्ड अजीत पांडेय दौड़े और महिला से माचिस छीन ली। आत्मदाह के प्रयास का पता चला तो अधिकारी भी बाहर निकल आए। होमगार्ड अजीत ने बताया कि शीशी में पेट्रेाल था।
महिला का क्या मामला है, मैं अभी जानकारी कराता हूं। दुष्कर्म या जो भी मामला होगा, कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - एनपी सिंह, एएसपी दक्षिणी