एक-दूसरे पर करते थे शक, विवाद के बाद पत्नी को मारी गोली
ठाकुरगंज स्थित कैंपवेल रोड की घटना, मुकदमा दर्ज। पहले पति से तलाक के बाद दूसरे से की थी शादी, आरोपित फरार।
लखनऊ, जेएनएन। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र स्थित कैंपवेल रोड पर पति ने पत्नी को गोली मार दी और असलहा लहराते हुए भाग निकला। दोनों में आपसी विवाद चल रहा है। दो दिन पहले ही पति ने उसे घर से बाहर निकाल दिया था, जिसके बाद वह सहेली के घर में रह रही थी।
इंस्पेक्टर ठाकुरगंज अंजनी कुमार पांडेय के मुताबिक आरोपित के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में एफआइआर दर्ज की गई है, उसकी तलाश की जा रही है। मूलरूप से चिनहट निवासी रेखा उर्फ सोनिया का पहले पति से तलाक हो गया था। दोनों के एक आठ साल का बेटा भी है। रेखा पार्टिंयों में ऑर्केस्ट्रा का काम करती है। दो वर्ष पूर्व उसने सरोजनीनगर बिजनौर निवासी मजहर से शादी कर ली। मजहर रेखा के साथ सआदतगंज स्थित एक फ्लैट में रहता था। दोनों एक दूसरे पर शक करते थे।
मामला बढ़ा तो दो दिन पहले जमकर विवाद हो गया, जिसके बाद मजहर ने उसे घर से भगा दिया। जिसके बाद वह राजाजीपुरम निवासी सहेली सोनी के घर रह रही थी। देर रात रेखा अपनी सहेली सोनी के घर से वापस अपने घर लौट रही थी, कैंपवेल रोड के पास मजहर ने उसे गोली मारी और बाइक से भाग निकला। सूचना पर मौके पर पहुंची ठाकुरगंज पुलिस ने रेखा को लहूलुहान हालत में ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, गोली उसके कनपटी के पास लगी जो जबड़े को चीरती हुई बाहर निकल गई।
पुलिस की तत्परता से बची महिला की जान
सआदतगंज और ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के बॉर्डर पर घटना हुई। सूचना पर इंस्पेक्टर अंजनी कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना किसी सीमा विवाद में पड़े महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जिससे सही समय पर इलाज मिल जाने से उसकी जान बच गई।