पत्नी को प्रेमी संग देख पति ने किया विरोध, महिला ने पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट
हरदोई के पचदेवरा थाना क्षेत्र के घसे गांव में सरेशाम हुई घटना। प्रेमी संग पत्नी को घर में देखकर हुआ था विवाद।
हरदोई, जेएनएन। प्रेमी संग मिलकर महिला ने घर के अंदर पति की पीट पीटकर हत्या कर दी। पचदेवरा थाना क्षेत्र में बुधवार की सरेशाम हुई घटना में प्रेमी तो भाग गया, लेकिन मृतक की पत्नी को लोगों ने घेर लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। घसे निवासी संतोष यादव दिल्ली में काम करते थे। उनकी पत्नी सुनीता गांव में ही घर पर रहती थी।
जैसा कि लोगों ने बताया कि संतोष के परिवार ही श्याम सिंह की सुनीता से नजदीकी थी और दोनों के बीच प्रेम प्रसंग हो गया। श्याम सिंह, सुनीता के घर पर ही रहते थे। संतोष की बहन भगवंता ने बताया कि लॉकडाउन में भइया दिल्ली से लौट आए थे। शाहजहांपुर के अल्लाहगंज में वह और उनकी एक और बहन रहती है। ज्यादातर संतोष उनके पास ही रहते थे। बुधवार को प्रधान के पास किसी काम से आए थे। प्रधान सुभाष और अन्य लोगों ने बताया कि काम के बाद संतोष अपने घर गए तो उस समय सुनीता के पास श्याम सिंह मौजूद था। घर के अंदर उनके बीच बातचीत होने लगी तो श्याम सिंह और सुनीता ने लाठी डंडों से हमला कर दिया।
संतोष जान बचाकर भागा लेकिन उन लोगो ने उसे छोड़ा नहीं, घर के बाहर आकर वह गिर गया और उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद श्याम सिंह व सुनीता भागे तो लोगों ने उनका पीछा किया और सुनीता को खेत के पास घेर लिया। पुलिस को सूचना दी तो फोर्स पहुंची। थानाध्यक्ष रामबचन भारती ने बताया कि श्याम सिंह और सुनीता के बीच संबंध थे और उन्हीं संबंधों को लेकर दोनों ने मिलकर संतोष की हत्या कर दी। संतोष की बहन हैं, शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है और श्याम सिंह की पुलिस तलाश कर रही है।