दिल्ली से तलाश में आई पुलिस, पत्नी के हत्यारोपी ने कमरे में लगाई फांसी
हरदोई में युवक ने लगाई फांसी दिल्ली पुलिस पत्नी की हत्या के आरोप में पूछताछ करने आई थी।
हरदोई, जेएनएन। जिले में एक युवक ने घर के अंदर फांसी लगा ली। युवक अपनी पत्नी का हत्यारोपित था। जब दिल्ली पुलिस उसकी तलाश में कस्बे में आई तो घर अंदर से बंद था। कमरा खोलने पर उसका शव फंदे पर लटका हुआ था। माना जा रहा है कि युवक ने आत्महत्या की है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी थी।
यह है मामला
लोनार थाना क्षेत्र के बावन कस्बा निवासी सुरजीत कुमार पुत्र किशनलाल पर उसकी रिंकी की हत्या करने का आरोप है। वह दिल्ली में काम करता था। वहीं पर पांच अगस्त को रिंकी की हत्या हो गई थी। रिंकी के परिवारजनों ने युवक पर हत्या का आराेप लगाया था। दिल्ली पुलिस हत्यारोपी सुरजीत कुमार की तलाश में लोनार थाना क्षेत्र के कस्बा बावन में उसके घर पर आई थी। पुलिस को घर बाहर ताला लगा मिला। मगर सुरजीत घर के अंदर ही बंद था। दिल्ली पुलिस के सिपाही राजीव राना, गौरव व अरुण ने दरबाजा खुलवाने की कोशिश की। इसी बीच उसने कमरे में फांसी लगा ली। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो युवक का शव फंदे पर लटकता मिला। जिसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। परिवारजन के अनुसार सुरजीत ने रिंकी से प्रेम विवाह किया था। एएसपी अनिल कुमार ने बताया कि सुरजीत के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज था। उसी को लेकर दिल्ली पुलिस आई थी।