पत्नी की हत्या में अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर गिरफ्तार
राष्ट्रीय स्तर पर नाम चमकाने वाली भारोत्तोलक पुष्पलता सिंह की हत्या के आरोप में पुलिस ने उनके पति धर्मवीर और उसके एक दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है।
लखनऊ। राष्ट्रीय स्तर पर नाम चमकाने वाली भारोत्तोलक पुष्पलता सिंह की हत्या के आरोप में पुलिस ने उनके पति धर्मवीर और उसके एक दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। वेटलिफ्टर का उनके पति ने अपनी प्रेमिका और दो साथियों के साथ मिलकर गला घोंट दिया था। हापुड़ पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है।
गत 19 अक्टूबर को मेरठ के गंगानगर निवासी वेटलिफ्टर पुष्पलता सिंह का शव एक नाले से बरामद हुआ था। इसके पहले पुष्पलता के पति व पूर्व अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलक धर्मवीर सिंह ने उनके लापता होने की थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। शनिवार की रात पुलिस ने युवकों को लूट की योजना बनाते गिरफ्तार किया था। पुलिस पूछताछ में दोनों ने अपने नाम धर्मवीर निवासी अचपलगढ़ी, पिलखुवा हाल पता गंगानगर, मेरठ बताया। जबकि दूसरे युवक ने अपना नाम रविंद्र निवासी गांव बड़ौदा हिंदवान, पिलखुवा बताया। पुलिस ने उनसे दो तमंचे बरामद किए। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। इस पर धर्मवीर ने अपनी पत्नी की हत्या की बात भी कबूल की। वह मेरठ में बीएसएनएल में चतुर्थ श्रेणी कर्मी है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुका है, जबकि उसका साथी रविंद्र भी वेटलिफ्टर है। एएसपी डा. ओपी सिंह ने बताया कि धर्मवीर के वेटलिफ्टर खिलाड़ी अयोध्या की ममता के साथ अवैध संबंध थे। ममता की पुष्पलता ही कोच थीं। इसके चलते ममता व धर्मवीर के बीच दोस्ती हो गई। पुष्पलता इसका विरोध करने लगीं। इस पर ममता ने धर्मवीर से साथ रहने की बात कहते हुए पुष्पलता को रास्ते से हटाने को कहा। योजना के अनुसार, 18 अक्टूबर को पुष्पलता व धर्मवीर के घर पर ममता व धर्मवीर के दो दोस्त रविंद्र और असगर भी वहां आ गए। असगर भी वेटलिफ्टर है। पुष्पलता को धोखे से नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया। इसके बाद उनका गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया।