तापमान में इजाफा-गलन बरकरार, 23 को बारिश के आसार Lucknow news
कोहरे व बदली के चलते राजधानी सहित दिल्ली व एनसीआर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) बढ़ गया।
लखनऊ, जेएनएन। ठंड के तेवर अभी कड़े बने हुए हैं। कहने को तो दो दिन से धूप निकल रही है, लेकिन गलन इतनी है कि धूप से किसी तरह की राहत नहीं मिल रही है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान गुरुवार की अपेक्षा भले ही 2.4 डिग्री अधिक दर्ज हुआ, लेकिन न्यूनतम तापमान में .6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को न्यूनतम तापमान में कुछ और गिरावट आ सकती है। हालांकि, दिन में धूप के चलते अधिकतम तापमान में कुछ वृद्धि होगी। इसके अलावा 23 और 24 दिसंबर को फिर बारिश के आसार हैं।
कोल्ड कंडीशन जारी
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में कई स्थानों पर कोल्ड डे कंडीशन बना हुआ है। शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर मौसम अत्यंत ठंडा रहेगा। पूर्वानुमान के अनुसार 23-24 दिसंबर को एक बार फिर बदली के साथ बूंदाबांदी की संभावना है।
सामान्य से छह डिग्री कम रहा तापमान
शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले गुरुवार को अधिकतम तापमान 15.8 और न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री दर्ज किया गया।
बढ़ गया प्रदूषण, नोएडा अव्वल
कोहरे व बदली के चलते राजधानी सहित दिल्ली व एनसीआर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) बढ़ गया। लखनऊ में एक्यूआइ 327 रिकार्ड हुआ, जो गुरुवार के मुकाबले 57 यूनिट बढ़कर 327 रिकार्ड हुआ। वहीं, दिल्ली सहित नोएडा, ग्रेटर नोएडा व गाजियाबाद में एक्यूआइ खतरनाक स्तर 400 के बाहर पहुंच गया। देश का सर्वाधिक दूषित शहर नोएडा 463 रहा। वहीं, गाजियाबाद 444 एक्यूआइ के साथ दूसरे स्थान पर और दिल्ली 432 के साथ तीसरे स्थान पर रहा। ग्रेटर नोएडा में एक्यूआइ 427 रहा।