उत्तर प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम, बुधवार से 40 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार
UP Weather Report: पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 28 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश होगी।

बुधवार से एक बार फिर बदलाव के आसार
HighLights
बुधवार से बादलों की आवाजाही के बीच बारिश का पूर्वानुमान
बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम के प्रभाव का दिखेगा असर
जागरण संवाददाता, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में तीन दिन तक मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने के बाद बुधवार से एक बार फिर बदलाव के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में करीब चार-पांच दिन के लिए बारिश का दौर फिर से शुरू हो सकता है।
मंगलवार पूरब से पश्चिम तक ज्यादातर जिलों में धूप होगी, लेकिन बुधवार से बादलों की आवाजाही के बीच बारिश के पूर्वानुमान हैं। लखनऊ में सोमवार को सुबह से आसमान साफ रहा और तेज धूप निकलने से दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 1.5 प्रतिशत अधिक है। मंगलवार को भी यही स्थिति रहेगी।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, मंगलवार को लखनऊ में बादल छाने के साथ बूंदाबांदी हो सकती है, पर बुधवार से राजधानी में भी हल्की से मध्यम बरसात की संभावना है। प्रदेश के करीब 40 से अधिक जिलों में अगले 48 घंटे में अच्छी वर्षा के संकेत मिल रहे हैं।
पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 28 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश होगी। लखनऊ और आसपास जिलों के अलावा कुछ इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक व वज्रपात की स्थिति बन सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
इसका असर सिर्फ पूर्वी एवं मध्य यूपी ही नहीं, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में देखने को मिलेगा। मानसून की वापसी से प्रदेश में वर्षा का स्तर भी सामान्य होने के पूरे आसार हैं। अभी तक पूर्वी यूपी में सामान्य से 11 प्रतिशत कम बरसात हुई है। हालांकि, पश्चिमी जिलों में सामान्य की तुलना में महज 0.4 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश की बात करें तो सामान्य से छह प्रतिशत बादल कम बरसे हैं।
यूपी से मानसून की वापसी की तिथियां
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में मानसून की वापसी की अलग-अलग तिथियां हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 28 से 30 सितंबर तक बारिश का दौर पूरी तरह थम जाता है, जबकि लखनऊ समेत पूर्वी यूपी में मानसून की वापसी की तारीख चार अक्टूबर है।
