यूपी में आंधी और बारिश का कहर से दो लोगों की मौत, अभी जारी रहेगा बादलों की आवाजाही का दौर
मौसम विभाग के अनुसार अभी प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर अगले पांच से छह दिन तक बादलों की आवाजाही और बारिश का मौसम बना रहेगा जिसके कारण तापमान में बढ़ोतरी नहीं होगी।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में मौसम के मिजाज में उठापटक जारी है। गुरुवार को तेज आंधी के साथ बादल गरजे और फिर विभिन्न इलाकों में मूसलधार बारिश ने कहर बरपा। कहीं-कहीं ओलावृष्टि हुई। आंधी के चलते सूबे के अधिकांश क्षेत्रों में पेड़ गिरे, होर्डिंग टूटे और छप्पर उड़ गए। खलिहानों पर पड़ा गेहूं, आम की सब्जियों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा। विद्युत लाइन टूटने से सैकड़ों गांव की आपूर्ति ठप रही। वहीं दो लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग के अनुसार अभी प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर अगले पांच से छह दिन तक बादलों की आवाजाही और बारिश का मौसम बना रहेगा, जिसके कारण तापमान में बढ़ोतरी नहीं होगी।
बलिया में सुबह आंधी पानी की वजह से दर्जनों पेड़ व विद्युत पोल गिर गए। विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। आजमगढ़ में आंधी की वजह से आम के फल को ज्यादा नुकसान हुआ। वाराणसी, मऊ, गाजीपुर, जौनपुर, सोनभद्र, चंदौली, भदोही में मौसम सामान्य रहा। अवध के जिलों में गुरुवार को फिर मौसम बदल गया। आंधी और पानी से गेहूं की फसल मड़ाई का कार्य प्रभावित हो गया है। सब्जियों की फसल और आम को खासा नुकसान पहुंचा है। सैकड़ों पेड़ भी उखड़ गए। कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई।
बाराबंकी और बहराइच में गुरुवार की सुबह साढ़े छह बजे ओलावृष्टि के साथ जोरदार बारिश हुई। ऐसा ही मौसम सीतापुर में भी रहा। आंधी-पानी के साथ ही कई इलाकों में ओले भी गिरे। आम व गेहूं की फसल को नुकसान हुआ। पोल क्षतिग्रस्त होने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बहराइच में पेड़ गिर जाने से आवागमन अवरुद्ध हो गया। गोंडा में तेज हवा के साथ 8.4 मिलीमीटर बारिश हुई। बलरामपुर में तेज हवा व गरज के साथ बादल जमकर बरसे। श्रावस्ती में आंधी के बाद करीब ढाई घंटे तक बरसात के बीच डेढ़ दर्जन पोल गिर गए। इससे 250 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
अंबेडकरनगर में बादल जमकर बरसे। गेहूं और सब्जी की फसल को नुकसान पहुंचा। रायबरेली, सुलतानपुर और अमेठी में तेज हवाएं चलीं जबकि कुछ स्थानों पर बूंदाबादी ही हुई। ऐसा ही मौसम लखीमपुर में भी रहा। पश्चिमी उप्र में मेरठ व आसपास के जिलों में आंधी के साथ जोरदार बारिश हुई। बरेली मंडल में सभी जिलों में बुधवार रात आंधी के साथ बारिश हुई। गांव ढकनी में बारिश के चलते दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पीलीभीत के बौनी गांव में एक व्यक्ति के ऊपर लकड़ी गिर गई, जिसमें उनकी मौत हो गई। बरेली में 29.8 मिमी और शाहजहांपुर में 16.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम तो अभी सुहावना रहेगा
मई का पहला सप्ताह गुजर चुका है। आमतौर पर इन दिनों लू चलना शुरू हो जाती थी। गर्म हवा के चलते लोगों का दिन में निकलना मुश्किल हो जाता था, लेकिन इस बार मौसम उतना गर्म नहीं है। प्रदेश में ज्यादातर स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य के मुकाबले कम चल रहा है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता बताते हैं कि नौ मई को पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर प्रदेश में फिर मौसमी हलचल शुरू होगी। इसके बाद प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर अगले पांच-छह दिन बादलों की आवाजाही व बारिश का मौसम बना रहेगा। साफ है कि मई के दूसरे सप्ताह में भी गर्म हवाओं से निजात रहेगी। गुरुवार को राजधानी में मौसम सुबह से ही साफ था अधिकतम तापमान सामान्य से 6.1 डिग्री कम 33.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 20. 3 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य के मुकाबले 3.8 डिग्री कम था। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।