विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 10, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

UP Weather News: यूपी के कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी, कड़ाके की ठंड के बीच शीतलहर का अलर्ट

Published: Tue, 10 Dec 2024 07:50 AM (GMT+05:30)Updated: Tue, 10 Dec 2024 08:10 AM (GMT+05:30)

Weather Update उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में ठंड बढ़ गई है और मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों में ...और पढ़ें

यूपी में मौसम सर्द हुआ है, लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है।
यूपी में मौसम सर्द हुआ है, लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है।

HighLights

  1. लखनऊ में रात का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया
  2. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कोहरा छाने के आसार

जागरण संवाददाता, लखनऊ। पिछले दो दिनों से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल और हल्की बूंदाबांदी के कारण ठंड में इजाफा हो गया है। मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे की आशंका जताई है। हालांकि, यह कोहरा सुबह और देर रात अधिक प्रभावी रहेगा, जबकि दिन में मौसम साफ रहेगा।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 9 और 10 दिसंबर को राज्य के कई जिलों में बादल छाए रहे। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई है।

लखनऊ में सोमवार को सुबह बादल छाए रहे, जबकि दिन में धूप और छांव की स्थिति बनी रही। इसके कारण दिन के तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। लखनऊ का दिन का तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान बुलंदशहर में 8 डिग्री सेल्सियस रहा।

इन जिलों में आज का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, 10 दिसंबर को देवरिया, गोरखपुर, संत कबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, अयोध्या और आसपास के क्षेत्रों में सुबह और रात में घना कोहरा रहेगा, जो बाद में पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों तक फैल सकता है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज कोहरा पड़ने के आसार

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भी कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले दो दिनों के लिए सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, अमरोहा और आसपास के क्षेत्रों में शीतलहर की संभावना जताई है।

दिन का तापमान कम होने से सताएगी सर्दी

आगरा में दिन के तापमान में गिरावट आने से सर्दी सताएगी। सोमवार को अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज किए जाने से गुलाबी सर्दी का अहसास हुआ। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दो दिन आमसान साफ रहेगा। गुरुवार से सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिलेगा, लेकिन दोपहर में धूप निकलेगी। सोमवार काे सुबह से धूप निकली और आसमान साफ रहा। दिन में ठंडी हवा चलती रही, जिससे धूप का असर कम देखने को मिला।

ये भी पढ़ेंः कड़ाके की ठंड के लिए दिल्लीवासी हो जाएं तैयार, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से बदलेगा उत्तर भारत का मौसम; IMD ने जारी किया अलर्ट

ये भी पढ़ेंः Delhi Weather: पहाड़ों पर बर्फबारी का असर दिल्ली में दिखा, गिरा पारा और बढ़ी ठंड; जानिए आज के मौसम का हाल

तापमान में दिखा ये अंतर

आगरा में अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सामान्य तापमान से अधिकतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस कम और न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। रविवार को अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि आगामी सप्ताह में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक जाएगा। अधिकतम तापमान में गिरावट आने से सर्दी बढ़ेगी।