पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही विदा होने लगी ठंड, यूपी का मौसम साफ
पश्चिमी विक्षोभ का असर अब खत्म हो गया है। इससे मौसम साफ हो गया। बादल और बूंदाबांदी वाली ठंड कम हो गई। अब खिली धूप के बीच सरसराती हवा के दिन आ गए।
लखनऊ (जेएनएन)। पश्चिमी विक्षोभ का असर अब खत्म हो गया है। इससे मौसम साफ हो जाएगा। बादल और बूंदाबांदी वाली ठंड कम हो जाएगी। आज सुबह के समय हल्का कोहरा और हल्की बदली रही लेकिन दोपहर बाद मौसम साफ हो गया। इसी के साथ ठंड की विदाई के संकेत आने लगे हैं। इस बीच कुछ जिलों को छोड़कर ज्यादातर जिलों में हल्की बारिश का फसलों पर कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ा। हवा की रफ्तार कम रहने से फसलों को नुकसान नहीं हुआ।
तीन-चार दिन का रहा पश्चिमी विक्षोभ
गौरतलब है कि शुक्रवार-शनिवार को पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ विकसित हुआ था। इसी वजह से सोमवार की रात को हल्की बारिश हुई थी। आसपास के जिलों में ओलावृष्टि भी हुई, लेकिन गनीमत रही कि यहां न तो तेज बारिश हुई और न ही ओलावृष्टि हुई। इसी वजह से फसलें सुरक्षित रहीं। ओलावृष्टि अथवा तेज बारिश होने पर फसलों को नुकसान पहुंच सकता था। मंगलवार को बादलों और सूर्य के बीच आंख-मिचौली चलती रही, लेकिन वातावरण में ठंड लगभग नदारद रही। अब बुधवार से तापमान में और इजाफा हो गया। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर अब खत्म हो गया है। बुधवार सुबह हल्का कोहरा अवश्य रहा लेकिन मध्याह्न से आसमान साफ हो गया। अच्छी धूप खिली रही।