दिल्ली में बिगड़ा मौसम, पांच विमान को लखनऊ में किया गया डायवर्ट
शुक्रवार रात हुई बारिश से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट हुई निरस्त पांच विमान लखनऊ में हुए डायवर्ट।
लखनऊ, जेएनएन। दिल्ली में शनिवार शाम अचानक मौसम खराब होने के बाद पांच विमानों को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर दिया गया। यह विमान शाम को लखनऊ में उतरे। मौसम ठीक होने के बाद विमान रवाना हो गए।
कोलकाता से दिल्ली जा रहा एयर विस्तारा का विमान दिल्ली से डायवर्ट होकर शाम छह बजे लखनऊ के रनवे पर उतरा। जबकि, एयर इंडिया का विमान एआइ 408 पटना से दिल्ली जा रहा था। इसे 6:30 बजे लखनऊ भेजा गया। इसी तरह इंडिगो का गुवाहाटी-दिल्ली विमान शाम 6:40 बजे, एयर लंका का कोलंबो दिल्ली विमान एएलके 195 को 6:22 बजे और स्पाइस जेट के कोलकाता लखनऊ विमान एसजी 8393 को शाम छह बजे लखनऊ में उतारा गया।
छाए रहेंगे बादल, बारिश के आसार
राजधानी समेत प्रदेश में रविवार को भी बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन-चार दिन मौसम लगभग ऐसा ही रहेगा। हालांकि, पांच-छह मार्च को प्रदेश में बारिश की उम्मीद है।
पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते मैदानों में ठंड का असर बरकरार है। शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री कम 27.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक 16.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। वायुमंडल में नमी 90 फीसद रही।