पूर्वी उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि ने मचाई तबाही
तल्ख गर्मी के तेवर के बीच गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न स्थानों खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में आंधी-पानी के साथ ओलावृष्टि ने तबाही मचाई।
लखनऊ (जेएनएन)। तल्ख गर्मी के तेवर के बीच गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न स्थानों खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में आंधी-पानी के साथ ओलावृष्टि ने तबाही मचाई। कुछ जगहों पर बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आकर कई लोग झुलस गए जबकि दीवार गिरने से उसके मलबे में दबकर युवती की मौत हो गई। बिजली व्यवस्था ध्वस्त रही।
कानपुर और आसपास के मौसम में शाम साढ़े छह बजे के बाद अचानक आए बदलाव के चलते तेज हवा के साथ आंधी और कहीं कहीं बूंदाबांदी के साथ हमीरपुर में ओले भी गिरे। जालौन के कुठौंद के निजामपुर गांव में कच्चे घर की दीवार गिरने से उसके मलबे में रामजीलाल की पत्नी मालती देवी (50) और उनकी बहू सोनम (21) पत्नी विनोद दब गईं। जब तक लोग उन दोनों को निकालते सोनम ने दम तोड़ दिया। वज्रपात की चपेट में आकर कुठौंद निवासी शिवशंकर की पत्नी तारा देवी बुरी तरह झुलस गईं। बारिश होने से खरीद केन्द्रों पर खुले में रखा गेहूं भीग गया।
इटावा में देर शाम आंधी के साथ झमाझम बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया। बिजली गिरने से दो लोग घायल हो गए। हमीरपुर के बिंवार कस्बे में बारिश के साथ साथ ओले भी गिरे। बांदा में भी बारिश हुई। औरैया के फफूंद थाने में पेड़ गिरने से पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। फफूंद, दिबियापुर में दीवार गिर गई। पूरवा देवी दास में बिजली गिरने से एक घर में आग आग लग गई। फतेहपुर, ङ्क्षबदकी में कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए, वहीं विद्युत पोल भी टूट गए।
पूर्वांचल में तेज धूप और जबरदस्त तपिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सभी जिलों में पारा 42-44 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया।
बीती रात पूर्वी उत्तर प्रदेश के तराई इलाकों यानी महाराजगंज और सिद्धार्थनगर जिले के कुछ स्थानों पर बारिश हुई। इलाहाबाद में गुरुवार सुबह बादल छाने के साथ हवा भी चली, लेकिन 11 बजे तक सूर्य की किरणों की तपिश के आगे पंखे फेल हो गए। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहा।
झांसी व उरई रहे सबसे गर्म
लखनऊ में तापमान सामान्य के मुकाबले एक डिग्री अधिक 40.5 डिग्री दर्ज हुआ। जो बुधवार के मुकाबले तीन डिग्री कम रहा। गुरुवार को सूबे का सबसे गर्म शहर झांसी व उरई रहे। यहां तापमान 46.6 दर्ज किया गया। बांदा 45.8, हमीरपुर 44.2 रहा। इलाहाबाद, फतेहगढ़ व आगरा में तापमान 43 पार चला गया।